अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने विधानसभा क्षेत्र में करीब 94 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का रविवार को शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें करीब 90 करोड़ के विकास कार्यों को शिलान्यास और चार करोड़ रुपये के उद्घाटन शामिल है। पंचायत भवन में नौ प्रोजेक्टों के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए 15 मिनट का समय तय किया है। विधानसभा चुनाव से पहले इस कार्यक्रम में शहर के लोगों को और बड़े तोहफे मिलने की भी उम्मीद है।
रविवार को सीएम मनोहर लाल चार घंटे के लिए करनाल में रहेंगे। जो 10 बजे से विकास सदन में शहर के पार्षदों के शहर के विकास को लेकर 75 मिनट तक चर्चा करेंगे। इसके बाद पंचायत भवन में नौ प्रमुख योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इन तीन प्रोजेक्टों के उद्घाटन होंगे
आज से 7 गेट होंगे द्वार
शहर के सात गेट बनकर तैयार हैं। इनके नाम महाभारत काल के पात्रों से कृष्ण द्वार, कर्ण द्वार, सहदेव द्वार, भीम द्वार, नकुल द्वार, युधिष्ठिर द्वार, अर्जुन द्वार रखे हैं। जिन पर 80.76 लाख रुपये खर्च हुए हैं। सीएम मनोहर लाल पंचायत भवन से सातों द्वारों के शिलालेख का उद्घाटन करेंगे।
ग्रामीणों को दो किलोमीटर की होगी बचत
नहर पर ग्राम बांसा से जुंडला तक 6.13 किलो मीटर तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। इसको बनाने में 211.51 लाख रुपए खर्च हए हैं। लिंक रोड का निर्माण पूरा होने से डेरों के लोगों को जाने में सुविधा होगी और बांसा गांव के लोगों को दो किलोमीटर दूरी से फेर नहीं लगाना पड़ेगा।
असंध रोड से जाने की नहीं होगी जरूरत
जुंडला से ग्राम कटलेहड़ी तक 3 किलोमीटर तक पक्की सड़क बनाई गई है। जिस पर 103.81 लाख रुपये खर्च हुएं हैं। इस सड़क से पहले कटलेहड़ी के लोगों को असंध रोड से गांव में पहुंचना पड़ता था। अब उन्हें असंध रोड से जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। करीब ढाई किलोमीटर दूरी के अलावा 10 मिनट का समय भी बचेगा।
इन छह प्रोजेक्टों का होगा शिलान्यास
शिव कॉलोनी में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाना है। इनके निर्माण पर 70.06 लाख रुपये खर्च होंगे। इस केंद्र से 500 परिवारों को लाभ मिलेगा।
आश्रम के सामने बनेंगे द्वार
इंद्री मोड़ पर राष्ट्र संत वाचनाचार्य मनोहर मुनि महाराज की स्मृति में महाप्रभावी श्रीघंटाकर्ण देव के नाम से द्वार का निर्माण किया जाएगा। इस द्वार पर 67.69 लाख रुपये खर्च होंगे। वे श्रीआत्म मनोहर जैन एजूकेशन सोसायटी एव श्रीआत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर के संस्थापक रहे हैं।
13 करोड़ से सुधारेंगे जल आपूर्ति
शहर और निगम के अधीन आने वाले गांवों में जल आपूर्ति प्रणाली के लिए अमृत योजना के तहत सुविधा दी जाएगी। पहले साल इसको ओएंडएम के तहत किया जाएगा। इस योजना पर 13.05 करोड़ रुपये का बजट तय किया है।
36 करोड़ में बनेंगी रोड और नालियां
शहरी क्षेत्र की अलग-अलग कॉलोनियों में रास्तों व नालियों का निर्माण किया जाएगा, ताकि वहां के लोगों को गंदे पानी की निकासी और आने-जाने की सुविधा मिल सके। इस प्रोजेक्ट के लिए 36 करोड़ का बजट तय किया गया है।
36.12 करोड़ में होगी निकासी
शहरी क्षेत्र के पानी निकासी की व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ जल आपूर्ति व्यवस्था की दुरुस्त की जाएगी। प्रोजेक्ट पर 36.12 करोड़ रुपये का बजट है।
पीएचसी की बिल्डिंग के साथ बनेंगे क्वार्टर
गांव सग्गा में पीएचसी का निर्माण करवाया जाएगा। इसका टेंडर हो चुका है। इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग के अलावा कर्मचारियों के लिए दो और डॉक्टरों के लिए चार क्वार्टर का निर्माण किया जाएगा। इन पर 3 करोड़ 91 का बजट तय हुआ है। जो 18 महीने में पूरे हो जाएंगे।
सीएम करेंगे शिलान्यास-उद्घाटन
रविवार को सीएम मनोहर लाल शहर के विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इससे पहले पार्षदों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा होगी। विकास के जरूरी प्रोजेक्टों की डिमांड रखी जाएगी।
-रेणू बाला गुप्ता, मेयर नगर निगम।