अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को नायब तहसीलदार पद की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। कुल 57 केंद्रों पर 17784 अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की गई थी। लेकिन परीक्षा देने महज 3135 अभ्यर्थी पहुंचे। परीक्षा संपन्न होते ही एक साथ इतने अभ्यर्थी बाहर निकल। ज्यादातर अभ्यर्थी अपनी गाड़ी से पहुंची थे। एक दम से इतनी संख्या में वाहनों के सड़क पर आने से शहर के अलग-अलग हिस्सों में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। बस स्टैंड, रेलवे रोड, राम गढ़िया चौक व सेक्टर-14 गवर्नमेंट कॉलेज वाले चौक पर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी।
50 से 100 रुपये तक लेकर रखा सामान
परीक्षार्थियों को अपना सामान रखने की भी कीमत चुकानी पड़ी। परीक्षा केंद्रों के नजदीक कई लोगों ने अभ्यर्थियों के सामान और बैग आदि को रखने के लिए क्लॉक रूम सर्विस दी। इस दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी से परीक्षा के समय में बैग व अन्य सामान रखने के 50 से 100 रुपये तक लिए गए।
जैमर से कॉलिंग और इंटरनेट सर्विस हुई प्रभावित
परीक्षा नकल रहित संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई गई। साथ ही केंद्र में मोबाइल की वर्किंग को बंद रखने के लिए जैमर भी वर्किंग में रहे। इससे कॉलिंग और इंटरनेट सेवा भी प्रभावित हुई। इंटरनेट बंद होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिले में कुल 57 केंद्र बनाए गए थे, 16 सुपरवाइजर अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई। इसके अतिरिक्त सुरक्षा की दृष्टि से भी व्यापक पुलिस बल भी तैनात रहा। -गौरव कुमार, एसडीएम घरौंडा एवं नोडल अधिकारी परीक्षा।