अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के खेलकूद विभाग के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी संदीप देसवाल ने नेशनल मास्टर्स एथलीट चैंपियनशिप में तीन पदक जीतकर करनाल तथा संस्थान का नाम रोशन किया है। वहीं करनाल के एक ओर खिलाड़ी श्याम सिंह नरवाल ने भी एक पदक हासिल किया है।
जयपुर स्थित सवाई मानसिंह स्टेडियम में 1 से 4 फरवरी को आयोजित नेशनल मास्टर्स एथलीट चैंपियनशिप में संदीप देसवाल ने 45+आयु वर्ग में खेलते हुए हैमर थ्रो में गोल्ड मैडल, डिस्कस थ्रो में ब्रांज मैडल तथा शॉट पुट में भी ब्रांज पदक हासिल किया। वहीं, इसके अलावा श्याम सिंह ने 60+आयु वर्ग में खेलते हुए शॉट पुट खेल में गोल्ड मैडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता के जीतने के बाद संदीप व श्याम सिंह का चयन अब आस्ट्रेलिया में होने वाली इंटरनेशनल एथलेटिक मीट तथा मलेशिया के कुलवालमपुर में आयोजित होने वाली एशिया मास्टर एथलीट मीट के लिए हुआ है। यह चैंपियनशिप 2019 में होगी। जिले के दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। संदीप व श्याम सिंह इससे पहले भी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रदेश और अपने शहर करनाल का नाम रोशन कर चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों ने अब अगली चैंपियनशिप की तैयारी में शुरू कर दी है।