अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गवर्नमेंट और प्राइवेट कॉलेज में पढ़ रहे विद्यार्थी की हाजिरी अब शिक्षा सेतु मोबाइल एप पर लगेगी। इसे विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन में भी देख सकता है। हायर एजुकेशन ने इस शिक्षा सेतु मोबाइल एप को डाउनलोड करने के निर्देश सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को दिए हैं कि वे सभी विद्यार्थियों और टीचरों को निर्देश दें और इस एप को डाउनलोड कराएं, ताकि विद्यार्थी व टीचर इस एप को समझें और इसका प्रयोग करें। इस एप से विद्यार्थी प्रदेशभर के सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी की जानकारी ले सकता है। इस एप का ज्यादा फायदा विद्यार्थियों को एडमिशन के दौरान होगा। एप से कॉलेज की फीस संबंधी जानकारी भी हासिल होगी।
बता दें कि 10 अप्रैल को हरियाणा शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने पंचकूला में इस एप को लांच किया था। इसके बाद से अब शिक्षा विभाग ने इसे सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को इस लागू करने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे करें डाउनलोड
विद्यार्थी और टीचर अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर शिक्षा सेतु मोबाइल एप डाउनलोड कर सकते हैं। एप को इंस्टाल करने के बाद रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद उस विद्यार्थी और टीचर की एप पर आईडी बन जाएगी और उसे यूजर नेम और पासवर्ड मिल जाएगा।
जानिए कैसे लगेंगी हाजिरी, विद्यार्थी नहीं करा पाएंगे शॉर्ट अटेंडेंस को पूरा
इस एप पर ही टीचर विद्यार्थी की हाजिरी लगाएगा। इस हाजिरी को विद्यार्थी खुद भी देख सकता है। इसके लिए वह अन्य महीनों की भी हाजिरी देख सकता है। इससे उसे पहले ही पता चल जाएगा कि उसकी हाजिरी कम है या पूरी। इससे अलग विद्यार्थी अपने गुरुजनों के साथ सांठ-गांठ कर अपनी शॉर्ट हाजिरी को पूरा कराते थे अब वह नहीं हो पाएगा।
कॉलेज प्रिंसिपल होगा एडमिन, एप पर ही जारी होंगे निर्देश पत्र
सेक्टर-14 पंडित चिरंजीलाल राजकीय महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि इस एप में हर कॉलेज का प्रिंसिपल एडमिन होगा। प्रिंसिपल किसी भी विद्यार्थी की जानकारी ले सकता है। एप में प्रिंसिपल को उस विद्यार्थी का नाम, कोर्स डालना होगा तो उस विद्यार्थी की सारी जानकारी आ जाएगी और हाजिरी भी। इससे अलग प्रिंसिपल को जो भी निर्देश जारी करने होंगे वह इस एप पर ही करने होंगे, जिसे टीचर और विद्यार्थी देख सकते हैं।
स्कॉलरशिप के लिए कर सकते हैं आवेदन, पुरी मिलेगी जानकारी
विद्यार्थियों को इस एप पर स्कॉलरशिप के बारे में भी पुरी जानकारी मिलेगी, विद्यार्थी ऑनलाइन कहीं से आवेदन कर सकता है। स्कॉलरशिप के लिए किन-किन दस्तावेजों की जरूरत है और कौन स्कॉलरशिप ले सकता है यह भी पूरी जानकारी होगी।
विभाग की ओर से निर्देश मिले हैं कि शिक्षा सेतु मोबाइल एप को टीचरों और विद्यार्थियों के मोबाइल में डाउनलोड कराएं और उसके बारे में जानकारी दें। विद्यार्थी अब घर बैठे ही प्रदेश के सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी की जानकारी ले सकता है और विद्यार्थियों की हाजिरी भी इस एप में ऑनलाइन लगाई जाएगी। फिलहाल कॉलेज में एग्जाम चले हुए हैं। एक जनवरी से सभी विद्यार्थियों को इस एप के बारे में जानकारी देकर डाउनलोड कराया जाएगा।
-डॉ. कुलवंत कौर, प्रिंसिपल, राजकीय महिला महाविद्यालय करनाल।