इंद्री-पिपली रोड पर भादसों के पास एक प्राइवेट बस और ट्राले की भिड़ंत में बस सवार पंद्रह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए इंद्री के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रामा सेंटर में रेफर किया गया है। जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सहकारी समिति की एक प्राइवेट बस पिपली से इंद्री की ओर जा रही थी। इस दौरान बस में करीब तीस यात्री सवार थे। जैसे ही बस भादसों स्थित शुगर मिल के पास पहुंची तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्राला और बस में भिड़ंत हो गई। इससे बस में सवार चार साल की बच्ची नीतू सहित पंद्रह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची नीतू, इस्लाम व एक अन्य यात्री को करनाल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में रेफर किया गया है। जबकि अन्य को इंद्री से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।