फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेट्रोल पंप के सेल्समैन से पिस्तौल के बल पर लूटे 15.35 लाख

विज्ञापन
विज्ञापन
कर्णनगरी में सोमवार को बदमाशों ने दस घंटे के अंदर लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया। पहले घरौंडा पेट्रोल पंप के सेल्समैन से पिस्तौल के बल पर 1500 रुपये लूट लिए गए। इसके दस घंटे बाद दोपहर करीब 12.30 बजे जीटी रोड पर कर्ण लेक के समीप पेट्रोल पंप के दो सेल्समैन से बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 15.35 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब दोनों सेल्समैन गांव उचाना स्थित पीएनबी में तीन दिन का कैश जमा कराने के लिए जा रहे थे। जब वह उचाना गांव से पहले अंडर पास के पास पहुंचे तो वहां तीन बदमाश पहले से ही इंतजार कर रहे थे। लूट की सूचना पर सदर थाना प्रभारी, डीएसपी और एसपी गंगा राम पूनिया मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। वहीं एक के बाद एक लूट की दो वारदातों से पेट्रोल पंप संचालकों में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

सरकारी पेट्रोल पंप पर तैनात बसंत विहार निवासी रामपाल व झिम्मरेहड़ी निवासी बलजीत ने बताया कि वह कई सालों से पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करते हैं। दोपहर को करीब 12.30 बजे वह पिछले तीन दिनों का कैश करीब 15.35 लाख रुपये लेकर बाइक की डिग्गी में रखकर गांव उचाना पीएनबी में जमा कराने के लिए जा रहे थे, जो पेट्रोल पंप से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है।
जब वह गांव से पहले अंडर पास के पास पहुंचे तो राधा कृष्ण मंदिर के सामने एक स्पलेंडर बाइक सिल्वर रंग की आई, जिस पर तीन युवक सवार थे। उन्होंने परने से मुंह ढका हुआ था। उन्होंने हमारी बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ा दी जिससे अनियंत्रित होकर हमारी बाइक गिर गई। इस दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकाली और रामपाल के सिर पर तान दी। दूसरे ने बाइक की डिग्गी से 15.35 लाख रुपये कैश निकाल लिए। साथ ही शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। देखते ही देखते तीनों बाइक सवार जीटी रोड पर कुरुक्षेत्र की तरफ फरार हो गए। सेल्समैन के अनुसार उन्होंने बाइक पर नंबर देखने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक बिना नंबर की थी। लूट की वारदात के बाद उन्होंने पेट्रोल पंप पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
विज्ञापन

..................
आखिर कौन है चौथा व्यक्ति, पुलिस कर रही जांच
वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने पहले रेकी की। आशंका जताई जा रही है कि किसी चौथे व्यक्ति ने सेल्समैनों के रुपये लेकर बैंक जाने की सूचना दी। गांव के कुछ लोगों ने बताया कि एक बाइक पर तीन युवक पहले गांव के समीप पीपल के पेड़ के पास खड़े थे। उनके पास किसी का फोन आया तो वे वहां से चले गए। इसके बाद वह अंडर पास के समीप पहुंचे जहां लूट की वारदात की। पूछताछ के बाद पुलिस उस चौथे व्यक्ति की भी पड़ताल कर रही है, जिसने बदमाशों को सूचना दी है।
..................
युवक ने रोकना चाहा तो बदमाश बोले-गोली मार देंगे
एक राहगीर ने बताया कि बाइक पर सवार तीनों बदमाश जब वारदात को अंजाम देकर जाने लगे तो एक युवक ने उन्हें रोकना चाहा। इस पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी, जिससे युवक सहम गया और वे फरार हो गए।
..........
तीन टीमें कर रही जांच
पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 15.35 लाख रुपये की लूट हुई है। इस मामले की जांच सीआईए सहित तीन टीमें कर रही हैं। आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही इन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गंगा राम पूनिया, एसपी करनाल।
सेल्समैन से मारपीट कर देसी पिस्तौल के बल पर छीने 1500 रुपये
घरौंडा। जीटी रोड पर विश्राम गृह के समीप पेट्रोल पंप के सेल्समैन से दो बदमाशों ने देसी पिस्तौल के बल पर मारपीट कर करीब 1500 रुपये छीन लिए। बदमाशों ने इस वारदात को अल सुबह करीब 2.34 बजे अंजाम दिया। पेट्रोल पंप मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है।
पेट्रोल पंप मलिक सौरभ गुप्ता ने बताया कि रविवार की शाम को ही वे पूरे दिन की पेमेंट लेकर चले गए थे। रात को दो कर्मचारी रोहतक व पवन कुमार पेट्रोल पंप पर ड्यूटी पर थे। रात को पवन कुमार केबिन में बैठा हुआ था जबकि दूसरा कर्मचारी सो रहा था। सोमवार की अलसुबह लगभग 2 बजकर 34 मिनट पर दो युवक मुंह पर कपड़ा लपेट कर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने पंप पर पानी पीया और बाद में केबिन में बैठे कर्मचारी पवन कुमार के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी जेब से लगभग 15 सौ रुपये छीन कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है।
...................
नहीं पकड़े गए व्यापारी को गोली मारने वाले बदमाश
घरौंडा में व्यापारी को गोली मारने के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है, जबकि इसे लेकर व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर जाम भी लगाया था। इसके बावजूद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में रोष है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें