करनाल। डेंगू व मलेरिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग सोशल मीडिया का भी सहारा ले रहा है। आशा वर्कर सहित अन्य कर्मचारी विभाग द्वारा बनाई गई जागरूकता वीडियो को व्हाट्सअप ग्रुप में वायरल किया जा रहा है। ताकि वह वीडियो हर व्यक्ति तक पहुंच जाए और वह घर व आसपास में मच्छरों को पनपने न दें। इससे अलग 16 मई को स्वास्थ्य विभाग नेशनल डेंगू दिवस मनाने जा रहा है। इस दिन विभाग पूरे जिले में स्कूलों में जाकर बच्चों को डेंगू के प्रति जागरूक करेंगे। इससे अलग विभाग की छह टीमें शहर में अलग-अलग जगहों पर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं क्योंकि इस वर्ष करनाल जिले को मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य है। इसीलिए विभाग के अधिकारी भाग दौड़ कर रहे हैं।
इसी साल मलेरिया मुक्त होगा जिला
प्रदेश के सभी जिलों को 2020 तक मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य दिया हुआ था। लेकिन जिन जिलों में 20 से कम मलेरिया के केस पाए गए, तो उन्हें 2019 तक मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य दिया गया। इसमें करनाल जिला भी शामिल है।
घर-घर जाकर ले रहे हैं खून के नमूने
स्वास्थ्य विभाग की ओर से छह टीमें शहर में अलग-अलग जगहों पर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसके साथ ही वे बुखार होने पर लोगों के खून के नमूने भी ले रहे हैं और फिर उसकी जांच करा रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अभी तक न तो मलेरिया का एक भी केस आया है और न ही डेंगू का।
16 मई को नेशनल डेंगू दिवस मनाया जाएगा, इस दिन जिले के स्कूलों में बच्चों को जागरूक किया जाएगा। इससे अलग भी शहर में छह टीमें लोगों को जागरूक कर रहीं हैं क्योंकि इसी वर्ष जिले को मलेरिया मुक्त करना है।
-डॉ. मंजू पाठक, जिला मलेरिया अधिकारी, करनाल