अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
विकास सदन में नगर निगम हाउस की बैठक में इस बार जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने नगर निगम के अधिकारियों पर खुलकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। वहीं, सरकार पर आरोप लगाने पर भाजपा के सीनियर डिप्टी मेयर व इनेलो के डिप्टी मेयर में तू-तू करके बात करने को लेकर विवाद हो गया। ज्यादा गहमा-गहमी होते देख अन्य पार्षदों ने बीच बचाव किया। इतना ही नहीं नगर निगम के अधिकारियों से खफा होकर एक पार्षद नगर निगम के गेट को ताला लगाने के लिए घर से ताला और चाबी लेकर पहुंच गया। शहर में लाइटों की समस्या से परेशान पार्षदों ने मीटिंग के अंतिम दौर में नगर निगम के एक अधिकारी पर जमकर भड़ास निकाली। तीन घंटे तक चली इस सदन की बैठक में हंगामे के बीच 39 प्रस्ताव में से 33 प्रस्ताव पास किए गए और दो को पेंडिंग और चार प्रस्ताव को कैंसल किया गया। हाउस की बैठक में अंतिम मीटिंग करने की तारीख 15 मई से 20 मई तक का समय रखा गया है, इनमें से किसी एक तारीख को हाउस की अंतिम मीटिंग की जाएगी।
फाइल दबाने के मामले में बनाई जांच कमेटी
सदन की बैठक विकास सदन में साढ़े 11 बजे शुरू की गई। बैठक में आते ही वार्ड नंबर-14 के पार्षद विनोद तितौरिया ने नगर निगम के अधिकारियों पर उसके वार्ड में बनने वाली सड़कों की फाइल दबाने का आरोप लगाया। इस दौरान उसने भाजपा सरकार को भी कोसा। तितौरिया की बात पर जब इनेलो के डिप्टी मेयर मनोज वधवा ने सहमति जताते हुए बोलना शुरू किया तो साथ बैठे भाजपा के सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग उनपर भड़क गए और तू तड़ाक से बात करने लगे। इसके बाद मेयर रेणू बाला गुप्ता द्वारा फाइल दबाने के मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई।
अंगुली नीचे कर कर बात करो
सीनियर डिप्टी मेयर से पहले मनोज वधवा ने पार्षद यशपाल मित्तल को कहा कि वह अंगुली नीचे कर बात करें। क्योंकि यशपाल मित्तल ने सदन में खड़ा होकर वधवा की तरफ अंगुली करते हुए कहा था कि वह सरकार की बात ने करें, सदन में सदन की बात करें। अंगुली दिखाने पर वधवा भड़क उठे। हालांकि, इसके बावजूद मित्तल ने अपनी बात जारी रखी और कहा कि सरकार पर बात करने की बजाय अपने मुद्दों की बात करें।
सफाई को लेकर फिर दोबारा सदन में हुआ हंगामा
शहर में सफाई को लेकर सदन में फिर से हंगामा हुआ। पार्षद बलविंद्र ने कहा कि सदन की पिछली बैठक में कहा गया था कि ठेकेदार जहां सफाई करेगा और कचरा उठाएगा वह वहां के पार्षद से साइन कराएगा, लेकिन अभी तक वह लागू नहीं हुआ है। बलविंद्र ने कहा शहर में 50 प्रतिशत ही सफाई हुई है, लेकिन नगर निगम ने 22 करोड़ रुपये दिए हुए हैं, ऐसे में 11 करोड़ रुपये का घोटाला है। बलविंद्र ने निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम लोगों के पैसे का लूट रहे हैं और कॉलोनियां खंडर हो रही हैं। सफाई के नाम पर भी निगम लोगों के पैसे को लूट रहा है। वहीं, निगम के बिजली एसडीओ मुनीष कुमार को सदन के बीच बुलाया और उस पर फोन नहीं उठाने व लाइटों को ठीक नहीं कराने के आरोप जड़े।
पार्षद तितौरिया ने सदन में ही बुला लिए हलवाई व आटा चक्की वाले, भड़क पार्षद
वार्ड नंबर-14 पार्षद विनोद तितौरिया ने सदन में हलवाई व आटा चक्की एसोसिएशन के सदस्यों को बुलकार सदन के नियम तोड़ दिए। जिसपर दूसरे पार्षद उसपर भड़क गए। सोनिया पंडित ने तो यहां तक कहा दिया कि आगे से तितौरिया ही सदन में आएगा रो को आने की जरूरत ही नहीं है। इसी प्रकार, पार्षद अशोक कुमार और तितौरिया में भी जमकर बहस हुई और अशोक ने कहा कि तितौरिया का काम राजनीति करना और दूसरों को भड़काने का काम है।