पीजीआई से शव लेकर आ रहे परिवार की गाड़ी को कैंटर ने मारी टक्कर, पत्नी व बहन की मौत
-गांव समानाबाहू के पास हुआ हादसा, तीन लोग गंभीर रूप से घायल, गांव में छाया मातम
फोटो संख्या-3
अमर उजाला ब्यूरो
नीलोखेड़ी। चंडीगढ़ पीजीआई में बीमारी के चलते हुई मौत के बाद शव को लेकर परिवार के सदस्यों की कार को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी और मृतक की बहन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिये। वहीं, हादसे के बाद से गांव में मातम का माहौल है। दंपति को एक ही चिता में अंतिम संस्कार किया गया।
मामले के अनुसार, नीलोखेड़ी के गांव कलसी निवासी रामचंद्र ने बताया कि उसका बेटा 42 वर्षीय सुरेंद्र छह महीने से बीमार था। उसका चंडीगढ़ पीजीआई में गुर्दों का इलाज चल रहा था। बुधवार रात को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वह अपने बेटे सुरेंद्र का शव अलसुबह एंबुलेंस में लेकर गांव की ओर जा रहे थे। पीछे दूसरी कार में सुरेंद्र की पत्नी अनिता (37), सुरेंद्र की बहन कृष्णा (45), भाई मदन, भतीजा कंवरपाल व ड्राइवर राजिंद्र आ रहे थे। अलसुबह करीब चार बजे के करीब जैसे ही वे समाना बाहू के समीप पहुंचे ही पीछे से आ रहे एक कैंटर ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार में सवार पांच गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें राहगीरों की सहायता से अस्पताल में लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने अनीता व कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। घायल मदन, कंवरपाल व राजिंद्र को रेफर कर दिया। इसमें मदन व कंवरपाल का इलाज करनाल के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। इस बारे में एएसआई सतीश कुमार का कहना है कि आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।