प्रेम नगर में सीएम आवास के समीप सुबह ट्रक चोरी करने वाले एक आरोपी को मालिक ने मौके पर ही पकड़ा, दो फरार
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। प्रेम नगर स्थित सीएम आवास के समीप सुबह साढ़े नौ बजे ट्रक चोरी करने वाले तीन आरोपियों में से एक आरोपी को ट्रक मालिक ने मौके पर ही पकड़ लिया है। ट्रक मालिक ने आरोपी को रामनगर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रेम नगर निवासी पवन कुमार ने पुलिस को शिकायत दी शिकायत में बताया कि वह हर रोज अपने ट्रक को सीएम आवास के पास साइड में खड़ा करता है। बुधवार को भी उसने उसी जगह पर ट्रक को खड़ा किया हुआ था। सुबह साढ़े नौ बजे जब वह ट्रक की सफाई करने के लिए ट्रक के पास गया तो ट्रक में तीन युवक घुसे हुए थे जो ट्रक को चोरी कर लेजाने का प्रयास कर रहे थे। उसे देखकर दो आरोपी ट्रक से कूदकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इस दौरान उसने भागकर एक आरोपी को काबू कर लिया। रामनगर पुलिस चौकी प्रभारी राजपाल ने बताया कि आरोपी से अभी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसके अन्य दोनों साथियों को काबू कर लेंगे।