घरौंडा। लालुपुरा गांव के पास यमुना में डूबे व्यक्ति का तीस घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोरों की टीम विनोद की तलाश में जुटी हुई है। बावजूद इसके टीम के हाथ खाली है। पुलिस का दावा है कि विनोद की तलाश में टीमें लगी हुई है और जल्द ही विनोद को खोज लिया जाएगा। उधर विनोद के परिजनों की चिताएं लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, ग्रामीण भी यमुना के आसपास के क्षेत्र में विनोद की तलाश कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि लालुपरा निवासी विनोद कुमार (40 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल वीरवार दोपहर लगभग 12 बजे यूपी की तरफ जाने के लिए यमुना में उतरा था। ग्रामीणों के मुताबिक विनोद कुछ दूर जाने पर डूब गया और बह गया। विनोद के यमुना में डूबने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए थे। इस मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की टीम मौके पर बुलाई थी। इसके बाद टीम ने विनोद की तलाशी का अभियान शुरू किया। वीरवार को पूरा दिन तलाश जारी रही। शुक्रवार को भी टीम ने छानबीन शुरू कर दी और शाम छह बजे तक मुंडीगढ़ी क्षेत्र की तरफ तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दूसरी ओर ग्रामीण भी गोताखोर टीम का सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 30 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक विनोद का कोई भी सुराग नहीं लगा है। तलाश जारी है। इस बारे में थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि लालुपुरा के पास यमुना में डूबे व्यक्ति का अभी तक सुराग नहीं लगा है। गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही विनोद को खोज लिया जाएगा।