अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव शेखुपुरा जागीर में बिजली चोरी पकड़ने को लेकर बिजली निगम की टीम द्वारा की गई छापेमारी को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा एक तरफा की गई कार्रवाई का ग्रामीणों ने जबरदस्त विरोध किया है। विरोध जताते हुए बुधवार को गांव में समस्त बिरादरी की पंचायत बुलाई और फैसला लिया गया कि आगे से वे बिजली के बिल नहीं भरेंगे। अगर बिजली निगम बिल भेजेगा तो उन बिलों की होली जलाई जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों के तेवरों को देखकर मामला तनावपूर्ण हो चला है। एक तरफ प्रशासन है और दूसरी तरफ ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन आकर खड़ी हो गई है। भाकियू ने इस पूरे मामले पर 3 जून को गांव में किसान मजदूर पंचायत बुलाने का आह्वान किया है और प्रशासन को चेताया है कि अगर किसी ग्रामीण के साथ जबरदस्ती की गई तो ठीक नहीं होगा।
बुधवार को जाटों वाली चौपाल में आयोजित पंचायत की ग्रामीण हरी नारायण शर्मा ने अध्यक्षता की। इस पंचायत में बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाओं और ग्रामीणों ने मिलकर एकजुटता दिखाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने एक तरफा कार्यवाई करके भाकियू नेता सहित कई ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो कि सरासर गलत है। प्रशासन की इस कार्यवाई से खफा होकर पंचायत में फैसला लिया गया है कि आज के बाद कोई भी ग्रामीण बिजली के बिलों की विरोध स्वरूप अदायगी नहीं करेगा। जब भी गांव में बिजली निगम की ओर से बिल भेजे जाएंगे तो सभी ग्रामीण एकत्रित होकर बिलों की होली जलाएंगे। गांव की महिलाओं ने भी गांव की चौपाल में पहुंच कर जोरदार विरोध जताया। बता दें कि दो दिन पहले बिजली निगम की टीम बिजली चोरी पकड़ने गई थी, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था और उन्हें चौपाल में बैठा लिया गया था। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, इनमें भाकियू नेता भी शा मिल है। इस बारे में सदर थाना प्रभारी हरजिंद्र सिंह का कहना है कि कानून कार्रवाई की जाएगी।
छतों से नहीं कूदने देंगे बिजली कर्मियों को, चाहे जाना पड़े जेल
गांव शेखुपुरा वासी व भाकियू के जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सागवान ने कहा कि जब बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ आवाज उठाते है तो हमारे खिलाफ पुलिस मामले दर्ज कर लेती है। इसलिए बिजली कर्मियों के हौसले बुलंद हैं कि वे दीवारें फांद कर हमारे घरों में किसी भी वक्त कूद जाएं और हम बोले भी नहीं। उन्होंने कहा कि अब तो पुलिस एक तरफा कार्यवाई करने के लिए आमादा है तो अब तो सारे गांव को जेल भेजना पड़ेगा। इसके लिए पूरे गांव ने कमर कस ली है।
3 जून को गांव में होगी जिला स्तरीय किसान पंचायत
भाकियू के जिला संरक्षक महताब कादियान ने बताया कि इस प्रकरण को लेकर भाकियू के बैनर तले गांव शेखुपुरा में आगामी 3 जून को किसान मजदूर पंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें इस सारे मामले की जानकारी हासिल की जाएगी। किसान नेता कादियान ने कहा कि पंचायत में प्रदेश अध्यक्ष रतनमान विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। किसान नेता कादियान ने बताया कि ग्रामीणों के खिलाफ किसी प्रकार की ज्यादती नहीं होने दी जाएगी।