नियम-134ए के लिए 34 प्रतिशत निजी स्कूलों ने दी सीटों की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। नियम-134-ए के तहत गरीब परीवारों के मेधावी विद्यार्थी आज से आने मनचाहे प्राइवेट स्कूल मे आवेदन कर सकते हैं, लेकिन अभी तक जिले के 34 प्रतिशत स्कूलों ने ही नियम 134-ए के तहत सीटों का ब्यौरा ही नहीं दिया है। जानकारी देने की अंतिम तारीख 20 मार्च है। ऐसे में यह साफ जाहिर हो रहा है कि प्राइवेट स्कूल नियम 134-ए के तहत खाली सीटों की जानकारी देने में पीछे हट रहे हैं। बता दें जिले में सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड के करीब 362 प्राइवेट स्कूल हैं। इनमें से सिर्फ 125 प्राइवेट स्कूलों ने ही सीटों का ब्यौरा दिया है। इतना ही नहीं इंद्री और घरौंडा ब्लॉक में तो एक भी प्राइवेट स्कूल ने सीटों की जानकारी नहीं दी। ऐसे में विद्यार्थी प्राइवेट स्कूल में दाखिला लेने के लिए आवेदन कैसे करेंगे, जब उन्हें यही नहीं पता होगा कि किसी स्कूल में किस कक्षा में कितनी सीटें खाली हैं।
करनाल में 26 प्राइवेट स्कूलों ने नहीं दी जानकारी
नियम-134ए के तहत सभी प्राइवेट स्कूलों को विभाग की साइट पर खाली सीटें अपलोड करनी है और साथ ही हार्ड कॉपी बीईओ ऑफिस मे भी जमा करानी है। लेकिन करनाल ब्लॉक में 101 प्राइवेट स्कूलों में से सिर्फ 75 प्राइवेट स्कूलों ने ही सीटों की जानकारी दी है। इसी तरह निसिंग में 45 प्राइवेट स्कूलों मे से 10 स्कूलों ने, असंध में 46 प्राइवेट स्कूलों में से तीन स्कूलों ने, नीलोखेड़ी में 50 स्कूलों में से 37 स्कूलों ने और घरौंडा व इंद्री में किसी स्कूल ने जानकारी नहीं दी।
............................................
करनाल ब्लॉक वासी इन स्कूलों में जमा कराएं आवेदन
नियम 134-ए के तहत आवेदन करने के लिए विद्यार्थी व उनके अभिभावक बीईओ कार्यलाय से फार्म ले सकते हैं या फिर शिक्षा विभाग की वेबसाइट से वह आवेदन डाउनलोड कर सकते हैग। इसके साथ ही करनाल ब्लॉक में अभिभावक व विद्यार्थी कक्षा 2 से 8वीं कक्षा के लिए किए गए आवेदन बस स्टैंड के पीछे गवर्नमेंट ब्वायज स्कूल में जमा कराएंगे और कक्षा 9वीं से 12वीं के लिए फार्म मॉडल टाउन के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जमा कराएंगे।
22 मार्च को बीईओ कार्यालय में लगाई जाएगी सीटों की लिस्ट
करनाल बीईओ सपना जैन ने बताया कि सभी प्राइवेट स्कूलों से खाली सीटों की जानकारी मिलने के बाद वह कार्यालय में सभी स्कूलों की लिस्ट लगा देंगे। ताकि अभिभावकों व विद्यार्थियों को स्कूलों में धक्के न खाने पड़े। उन्होंने बताया कि प्राइवेट स्कूल वालों को भी खाली सीटों की जानकारी अपने नोटिस बोर्ड पर लगानी है।
हर कक्षा में 10 प्रतिशत सीटें हैं नियम 134-ए के लिए
शहर के सेंट थरेसा कॉन्वेंट स्कूल, गुरू हरि कृष्ण सहित चार अल्पसंख्यक स्कूलों को छोड़ कर विद्यार्थी सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड के स्कूल में आवेदन कर सकते हैं। प्राइवेट स्कूल में हर कक्षा में 10 प्रतिशत सीटें नियम 134-ए के विद्यार्थियों के लिए है और जो स्कूल हुडा की जमीन पर बने है उनमें 20 प्रतिशत सीटें हैं।
20 मार्च को सभी प्राइवेट स्कूलों को उनके स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर और बीपीएल बच्चे के लिए कितनी सीटें हैं। ये नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक करनी है। - 20 मार्च से 10 अप्रैल तक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को भरनी होगी सरकारी स्कूल की फीस
नियम 134-ए के तहत जो विद्यार्थी असेस्मेंट टेस्ट में 55 प्रतिशत या उससे ज्यादा नंबर लेता है, तो उस बच्चे का निजी स्कूल में दाखिला होगा। जिसके लिए उसने आवेदन किया है। कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों को सरकारी स्कूल की फीस निजी स्कूल में जमा करानी होगी। यदि कोई निजी स्कूल सरकारी स्कूल की फीस से ज्यादा फीस मांगता है तो उसकी शिकायत अभिभावक बीईओ व डीईओ को कर सकते हैं।
ये चाहिए प्रमाण पत्र
विद्यार्थी को नियम 134ए के तहत आवेदन कराने के लिए अपने पिता की सालाना आया का प्रमाण पत्र देना होगा, जिसमें आय 2 लाख रुपए से कम हो, रेजिडेंस सर्टिफिकेट, विद्यार्थी का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्कूल का रिपोर्ट कार्ड, बीपीएल कार्ड आदि दस्तावेज फार्म के साथ अटेच करने हैं।
नियम 134-ए के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक का शेड्यूल
- 12 अप्रैल को बीईओ व बीईईओ कार्यालय में शिक्षा विभाग पात्र विद्यार्थियों की लिस्ट जारी करेगा।
- 15 अप्रैल को पात्र विद्यार्थियों का असेसमेंट टेस्ट होगा।
- 20 अप्रैल को टेस्ट का रिजल्ट जारी किया जाएगा।
- 22 अप्रैल को ब्लॉक स्तर पर पहला ड्रा निकाला जाएगा।
- 23 से 26 अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया होगी।
- 2 मई को यदि किसी स्कूल में सीटें खाली रहीं तो दूसरा ड्रा निकाला जाएगा।
नियम 134-ए के तहत सभी प्राइवेट स्कूलों को 20 मार्च तक जानकारी विभाग की साइट पर अपलोड करनी है और उसकी हार्ड कॉपी भी बीईओ कार्यालय मे देनी है। इसके बाद भी यदि किसी ने सीटों की जानकारी नहीं दी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सरोज बाला गुर, डीईओ करानाल।