पहले दिन करनाल के खिलाड़ी रहे हावी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कर्ण स्टेडियम में सोमवार को शुरू हुई 52वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के पहले दिन करनाल के खिलाड़ी हावी रहे। करनाल के खिलाड़ियों ने रोल बॉल व ताइक्वांडो के साथ ही क्रिकेट में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिणामों की बात करें, पुरुष वर्ग में करनाल की अंडर-19 टीम रोलबॉल टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की। मेजबान टीम ने हिसार को 5-0 से एक तरफा हराया। क्रिकेट में करनाल की अंडर-19 टीम ने महेंद्रगढ़ को मात दी। कैथल की अंडर-19 रोलबॉल टीम का प्रदर्शन भी लाजवाब रहा। उन्होंने 3-0 से कैथल की टीम को हराकर विजयी अभियान की शुरुआत की।
वहीं, जिले की बेटियां भी अच्छा प्रदर्शन किया। लड़कियों की अंडर-19 ताईक्वांडो टीम ने 44 से 46 किलो भार वर्ग में झज्जर की टीम को हराया। पुरुष वर्ग के अंडर-19 रोल में करनाल ने हिसार को हराया, पुरुष वर्ग में ही कुरुक्षेत्र की अंडर-19 रोल टीम ने कैथल को हराया। महिला वर्ग में पानीपत की अंडर-19 रोल बॉल टीम ने रेवाड़ी को हराया। जींद ने गुरुग्राम की टीम को हराया। पुरुष वर्ग के अंडर-19 क्रिकेट मैच में करनाल ने महेंद्रगढ़ को हराया।
पंचकूला ने पानीपत को हराया। कैथल ने राई को मात दी। इससे पहले, सुबह डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने तिरंगा फहराकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की शुरुआत की। खिलाड़ियों की परेड की सलामी ली। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज किया। इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज बाला गुर, उप जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी, उप जिला शिक्षा अधिकारी विजेंद्र नरवाल, बीईओ सपना जैन, प्रधानाचार्या उमा रेढू व उर्वशी व डीएसवाईओ अनिल कुमार मौजूद रहे।
पहुंचे तीन हजार खिलाड़ी
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज बाला गुर ने बताया कि खेल के इस महाकुंभ में प्रदेशभर के करीब 3000 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन 13 सितंबर को होगा। एईओ परमजीत कौर ने बताया कि खिलाड़ियों के रहने व खाने का प्रबंध विभाग की ओर से विभिन्न स्कूलों में कर दिया गया है। नौ स्कूलों में लड़कियों व नौ ही स्कूलों में लड़कों की टीम को ठहराया गया है। कुछ स्कूलों में खिलाड़ियों ने गंदगी की शिकायत की जिसके बाद विभाग ने उसे दुरुस्त कराया।