इंद्री। इंद्री क्षेत्र में घरों में चोरी, राहगीरों को रोककर छीना झपटी करके मोटर साइकिल और मोबाइल छीनने वाले गिरोह के 13 गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच मोटर साइकिल, 20 हजार 600 रुपये और एक मामले में छीना हुआ पर्स बरामद किया है।
इंद्री थाना पुलिस ने सभी को अदालत में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया है। इंद्री डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले मामले में चार आरोपियों गौतम, रजनीश, योगेश सभी निवासी गांव नौरथा, इंद्री व रणधीर वासी गांव जोहड़ माजरा को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने 13 नवंबर को शिकायतकर्ता कमलजीत वासी गांव मुनियारपुर को रामगढ छानो पीर के पास रोककर हाथापाई की। आरोपियों ने उनसे मोबाइल फोन और ढाई हजार रुपये की राशि छीन ली थी।
दूसरे मामले में आरोपी चांद, आमिर खान उर्फ बिरजू, शौकीन उर्फ जलवा वासी शेख मोहल्ला गांव गुढ़ा इंद्री को नहर पटरी खेड़ी मान सिंह से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में छीना गया मोबाइल फोन और 4800 रुपये की राशि बरामद की है। इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि 13 आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है। नौ नवंबर 2025 को आरोपी सागर व प्रदीप उर्फ टोनी निवासी गांव नौरथा ने वार्ड नंबर सात इंद्री से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल व एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
जेब काटने के मामले में दो आरोपी पकड़े
इंद्री पुलिस की टीम ने दो आरोपियों सुमित उर्फ बच्ची व आकाश वासी गिरसरपुरी इंद्री को गिरफ्तार किया है। दोनों ने 12 अक्तूबर 2025 को एक शादी पैलेस में कार्यक्रम में घुसकर एक कार्यक्रम में आए हुए कई लोगों की जेब काटकर पैसे चुराए थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों से 12 हजार 800 रुपये की राशि और वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
-
मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
13 नवंबर 2025 को वार्ड नंबर 13 इंद्री के एक मकान से आरोपी अलाउद्दीन उर्फ डाकू व इरफान वासी वार्ड नंबर 13 गुढ़ा इंद्री ने एक मोबाइल फोन व कुछ पैसे चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके उनसे तीन हजार रुपये की राशि व वारदात में प्रयोग मोटरसाइकिल बरामद की है।