अमर उजाला ब्यूरो
करनाल(तरावड़ी)। बिग बॉस में तरावड़ी के वकील रोमिल चौधरी और नीलोखेड़ी पुलिस चौकी में कार्यरत हवलदार निर्मल सिंह की जोड़ी सलमान खान के साथ अपना अंदाज बरकरार रखे हुए है। टीवी सीरियल बिग बॉस में तरावड़ी के रोमिल चौधरी और उसके दोस्त निर्मल का अंदाज देखकर तरावड़ी कस्बे के साथ-साथ पूरे जिले के लोगों के घरों में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती दिखीं।
पहली बार तरावड़ी के छोरे रोमिल चौधरी ने बिग बॉस के घर में एंट्री मारकर दस्तक दी। उनके धांसू अंदाज से हर किसी के चेहरे पर खुशी की झलक दिखाई दी। रोमिल चौधरी के घर पर बधाई देने वालों की भीड़ से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि रोमिल चौधरी ने तरावड़ी क्षेत्र के साथ-साथ जिले करनाल और हरियाणा प्रदेश का नाम चमकाया है। इस बार बिग बॉस के घर में तरावड़ी के वकील रोमिल चौधरी और हेडकांस्टेबल निर्मल की जोड़ी धाक जमाएगी। जब बिग बॉस के पहला शो में तरावड़ी के वकील रोमिल चौधरी और हेडकांस्टेबल की जोड़ी का जबरदस्त अंदाज दिखा लोगों के चेहरे खिल उठे।
काबिलेगौर है कि 30 वर्षीय रोमिल चौधरी तरावड़ी के रहने वाले हैं, जो करनाल कोर्ट में वकालत का काम करते हैं। वह पिछले पांच साल से बिग बॉस का ऑडिशन दे रहे थे। इस बार उन्हें पता चला कि जोड़ीदार के साथ मिलकर वह ऑडिशन दे सकते हैं। इसलिए उन्होंने निर्मल सिंह को जोड़ीदार के रूप में चुना, जोकि पद से हरियाणा पुलिस में हेडकांस्टेबल हैं और नीलोखेड़ी पुलिस चौकी में तैनात हैं। चैनल पर चले बिग बॉस में तरावड़ी के रोमिल चौधरी और निर्मल को देखने के लिए हर किसी की नजर टीवी चैनलों पर थी, बिग बॉस शुरू होते ही सभी घरों में कामकाज छोड़कर जब बिग बॉस में तरावड़ी के रोमिल चौधरी और निर्मल को सलमान खान के साथ देखा तो तालियां की गड़गड़ाहट सुनाई दी।
खुशी का ठिकाना नहीं : रामसिंह नंबरदार
इधर रोमिल चौधरी के पिता रामसिंह नंबरदार ने कहा कि घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। हर कोई चैनल पर बिग बॉस सीरियल देखने के इंतजार में रहता है। उन्होंने बताया कि दोनों दोस्त हैं। अब दोनों दोस्तों पर पूरे देश की निगाहें भी टिकी हुई हैं। रामसिंह नंबरदार ने बताया कि रोमिल चौधरी और निर्मल सिंह ने जीत का परचम लहराने के लिए ही बिग बॉस के घर में एंट्री की है।