अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। करनाल में यूपी बॉर्डर पर 19 अगस्त को श्रीगोविंद धाम संत आश्रम भाई-बहन मंदिर में पाठ करने आए पुजारियों की हत्या और लूटपाट के मामले में हत्यारों की गिरफ्तारी की गिरफ्तारी न होने से ब्राह्मण समाज में रोष बढ़ता जा रहा है। ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बड़ौता ने चेताया कि यदि 12 सितंबर तक हत्यारों की गिरफ्तारी न हुई तो प्रदेश का ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरेगा।
जिला प्रधान सुरेंद्र बड़ौता घरौंडा की गीता राम धर्मशाला में समाज के लोगों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बड़े ही दुख की बात है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई नेता सांत्वना देने के लिए पहुंचा और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में कार्रवाई का कोई ठोस आश्वासन दिया है।
जिला प्रधान सुरेंद्र बड़ौता ने बताया कि खबरों के मुताबिक 19 अगस्त को मंदिर के अंदर बरामदे में मेन गेट के सामने फोल्डिंग पर पंडित विनोद निवासी बदनारा कैथल, उसका मामा रविंद्र निवासी बांबरेहड़ी व साला अजय सो रहे थे और सेवादार हरजिंद्र सिंह व सुलतान मंदिर के पीछे गोशाला में बने एक कमरे में सो रहे थे। रात के समय 10 से 15 बदमाश मंदिर में घुसे और उन्होंने गोशाला के कमरे में तख्त पर सो रहे हरजिंद्र व सुलतान के कपड़े से हाथ बांध दिए और सुलतान का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। साथ ही तेजधार हथियार से वार कर हरजिंद्र को घायल कर उसकी भी जीभ काट दी थी। अज्ञात बदमाशों ने बरामदे में फोल्डिंग पर सो रहे तीनों पंडितों के हाथ फोल्डिंग से बांध दिए और पंडित विनोद को भी गंभीर चोट मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटनाक्रम में पुलिस की जांच से ब्राह्मण समाज संतुष्ट नहीं है। जिला प्रधान सुरेंद्र बड़ौता ने मांग की है कि पुलिस जल्द कार्रवाई करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश करे। यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती तो पूरे प्रदेश का ब्राह्मण समाज मजबूर होकर 12 सितंबर को करनाल में ब्राह्मण धर्मशाला में एकत्रित होकर सड़कों पर प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर हल्का प्रधान जयप्रकाश शर्मा, बनारसी लाल भास्कर, विशाल शर्मा, अजय शर्मा, कृष्ण शास्त्री, भीष्म शर्मा, ओंकार शर्मा, रामनिवास शर्मा, रमणिक शर्मा व अन्य मौजूद रहे।