तीन माह पहले हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस के हाथ खाली
अमर उजाला ब्यूरो
असंध।
करीब तीन महीने पहले स्थानीय विर्क पैलेस में शादी समारोह के दौरान चोरों द्वारा बैग में रखे करीब पांच लाख की चोरी के मामले में पुलिस आला अधिकारियों के आदेशों के बाद भी रकम को बरामद करने में विफल रही है । इस बारे पीड़ित जन स्वास्थ्य विभाग से अधिकारी रोशन लाल ने पत्रकारों को बताया कि पांच अक्तूबर 2017 को उसकी लड़की की शादी थी और कुछ संदिग्ध बच्चों द्वारा बैग चुरा कर करनाल के चोरों को थमा दिया गया था। एक संदिग्ध का फोटो भी बाकायदा सीआईए के जांच अधिकारी को सौंपा गया था। उन्होंने बताया कि चोरी के इस मामले में चोरों को पकड़ने की गुहार वह असंध डीएसपी, जिला अधिकारियों को भी कई बार कर चुका है, परंतु चोरी की रकम बरामद नहीं की जा सकी है। पीड़ित ने बताया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री और डीजीपी से भी गुहार लगाएंगे। मामले में जांच अधिकारी रमेश जोशी ने बताया कि वह अपने स्तर पर चोरों पर काबू करने के लिए प्रयास कर चुका है परंतु अभी तक कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई।
चौगामा से हुई चोरी का केस दर्ज
असंध। वहीं गांव चौगामा में एक व्यक्ति के घर से अज्ञात चोर 20 हजार की नकदी और अन्य सामान चुरा कर ले गए। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मलकीत सिंह के घर से 20 जनवरी को चोरों ने चोरी की है और मलकीत सिंह की शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।