शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री पर महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा।
शहर के चौक, चौराहों पर शराब और नशीले पदार्थों की सरेआम बिक्री के खिलाफ महिला शक्ति लामबंद हो गई हैं। रविवार को महिलाओं ने नशा माफिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नशे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का आरोप है कि प्रशासन के ‘संरक्षण’ के चलते नशे माफियों के हौसले बुलंद है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि शहर में बिक रहे नशे पर अंकुश लगाया जाए।
रविवार को वाल्मीकि बस्ती में महिलाएं एकत्रित हुई और अवैध नशे की बिक्री के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए महिलाओं ने कहा कि 10 से 15 साल के बच्चे भी शराब सहित कई तरह के नशे की चपेट में आ चुके है। बस्ती के लगभग सभी छोटी-छोटी दुकानों और चौराहों पर खड़े नशे माफिया के लोग खुलेआम जहर बेच रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे युवा वर्ग इससे जकड़ता जा रहा है। मामों, निर्मला, किरण, पूजा संतोष, सुनीता कैलाशो आदि महिलाओं ने कहा कि शाम ढलते ही उनके गली मोहल्लों के चौराहों पर नशा करने वाले एकत्रित हो जाते हैं और सरेआम नशे करते हैं। आलम यह हो चुका है कि नशेड़ियों के पास नशा करने के लिए पैसे न होने पर घर का सामान भी बेच देते है। महिलाओं की मांग है कि उनकी मोहल्ले में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएं और नशे पर अंकुश लगाया जाएं।