कहासुनी के चलते पहले व्यक्ति को पीटा, फिर गला दबाकर कर दी हत्या, तीन के खिलाफ केस
अमर उजाला ब्यूरो
नीलोखेड़ी।
गांव बड़थल में गांव के ही तीन लोगों ने भेड़ चराने गए एक व्यक्ति की पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गांव के पास से गुजर रही सिरसा ब्रांच नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। शनिवार सुबह जब लोगों ने झाड़ियों में शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर रोशन लाल के शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने गांव के तीन व्यक्तियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर एक युवक को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।
जानकारी मुताबिक गांव बड़थल निवासी रोशन लाल (45) गांव के ही एक व्यक्ति के पास भेड़ चराता था। वह शुक्रवार सुबह 58 भेड़ों को चराने के लिए गया था। इस दौरान शाम के समय गांव का रविंद्र सिंह साथियों सहित भेड़ चराने वाली जगह पहुंच गया और रोशन के साथ बुरी तरह से मारपीट की। आरोपियों ने रोशन का गला भी दबाया।
रोशन की हत्या के बाद तीनों आरोपी वहां से भेड़ लेकर फरार हो गए। जब शाम तक रोशन घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी और आरोपी रविंद्र को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भेड़ भी बरामद कर ली हैं। जबकि हत्या करने की बात रविंद्र पुलिस से छिपा रहा था।
शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली की गांव बड़थल से कुछ दूरी पर नहर की झाड़ियों मेें रोशन लाल का शव पड़ा है। झाड़ियों में शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोशन के शव को बरामद कर लिया।
बुटाना थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि आरोपी रविंद्र और उसके दोनों साथियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी रविंद्र को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।