पार्षद त्यागी को मिली जमानत, दूसरे केस में गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जाम लगाने के मामले में गिरफ्तार जिला पार्षद दीपक त्यागी को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसको जमानत मिल गई। इसके तुरंत बाद घरौंडा पुलिस ने पार्षद को 2016 के एक जाम लगाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। अब त्यागी तो इस मामले में दोबारा से गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि त्यागी को सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके विरोध में ग्रामीणों ने थाने पर पथराव किया था और जीटी रोड पर जाम कर दिया था। करीब तीन घंटे तक ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की थी। ग्रामीण त्यागी को छोड़ने की मांग कर रहे थे। शनिवार को पुलिस ने जेएमआईसी अनुराधा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसको जमानत मिल गई। इसके तुरंत बाद घरौंडा पुलिस ने त्यागी को एक अन्य वर्ष 2016 के जाम लगाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
डीसी एसपी से मिले ग्रामीण, जांच की मांग
जिला पार्षद दीपक त्यागी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने अपने गांव पूंडरी में एक पंचायत का आयोजन किया। इसमें कांग्रेस के युवा प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने शिरकत दी। गांव की चौपाल में लगभग दो घंटे तक पंचायत चली। इसमें फैसला लिया गया कि मामले की निष्पक्षता से जांच कराने के लिए एक शिष्टमंडल जिला उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया व एसपी से मिलेगा। बाद में लगभग 20 लोगों का एक शिष्टमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी।-----सोम