माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सर्दी की शुरुआत होते ही धुंध की वजह से ट्रेनों की समय सारणी प्रभावित होने लगी है। हालात ये हैं कि अब सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेन की बजाए पैसेंजर ट्रेन आवागमन में ज्यादा देर लगाने लगी हैं। जबकि रोजाना आवागमन करने के लिए विशेष रूप से चलाई गई इन ट्रेनों को अपने निर्धारित समय के लिए माना जाता था।
शनिवार को भी करीब 12 ट्रेनें निर्धारित समय से न तो चल पाईं और न ही पहुंच सकीं। इनमें सबसे ज्यादा देरी दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेन शामिल रही।
दिल्ली-कुरुक्षेत्र की दो पैसेंजर तो एक एक घंटा देरी से पहुंचीं जबकि कई ट्रेनें 15 से 45 मिनट तक देरी से आवागमन कर सकीं। जिसकी वजह से सबसे ज्यादा परेशानी दैनिक यात्रियों को हुई। इसके लिए यात्री प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए। धुंध के कारण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है।
देरी से आवागमन करने वाली ट्रेनों में पानीपत से अंबाला की ओर जाने वाली पठानकोट एक्सप्रेस सुबह करीब 15 मिनट की देरी से पहुंची। इसके बाद नई दिल्ली कुरुक्षेत्र पैसेंजर अपने निर्धारित समय 10:48 की बजाए करीब साढ़े 11 बजे करनाल स्टेशन पहुंची। हजरत निजामुद्दीन ट्रेन भी अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से पहुंची। इसी प्रकार जम्मू तवी भी रात को करीब साढ़े 11 बजे और होशियारपुर एक्सप्रेस करीब 12.30 बजे करनाल स्टेशन पर पहुंची। गौरतलब है कि तीन दिन पहले पंजाब में रेलवे ट्रैक पर बैठे किसानों की वजह से कई ट्रेनें तीन से चार घंटों की देरी से चली थी लेकिन अब धुंध की वजह से इनका समय गड़बड़ा गया है।
स्टेशन पर नहीं अपडेट बोर्ड ःकरनाल स्टेशन पर ट्रेनों का समय बताने के लिए एलईडी का डिस्पले बोर्ड तो लगा है लेकिन यहां मैन्युअल अपडेट बोर्ड नहीं है। जिसकी वजह से ट्रेन में आवागमन करने वाले यात्रियों को अब मोबाइल एप का सहारा लेना पड़ता है। यात्री एप्लीकेशन के जरिए ट्रेन का नाम, नंबर और लोकेशन पता करते हैं। जिनके पास ट्रेन मोबाइल एप की जानकारी नहीं है उन्हें रेलवे कर्मचारियों और सहायता केंद्र का सहारा लेना पड़ता है। सूचना न मिलने पर लोग बसों व अन्य साधनों का रुख करने को मजबूर होते हैं।
शीतलहर भी कर रही प्रभावित ःअब शीतलहर भी लोगों को प्रभावित करने लगी है। रात आठ बजे तापमान करीब 13.1 डिग्री तक पहुंच गया था। जबकि दिन में तापमान 22.1 डिग्री तक रहा।
जिला प्रशासन की ओर से भी शीतलहर को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। वहीं, स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्रतीक्षा कक्ष भी न खुले होने की वजह से उन्हें शीत लहर का सामना करना पड़ा।