माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अमेरिका भेजने का सपना दिखाकर करनाल और कैथल के दो परिवारों से 12 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ितों ने सोशल मीडिया पर पाको मार्शल आर्ट्स एकेडमी, वेंकटेश्वर कॉलोनी, सरूर नगर, हैदराबाद के नाम से चल रहे विज्ञापन के झांसे में आकर बच्चों को विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू की थी। मगर न तो वीजा मिला न बच्चे विदेश जा सके। उल्टे जब रुपये मांगे गए तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी तक दे डाली। शिकायतकर्ता विक्रम सिंह निवासी शिव कॉलोनी करनाल और नसीब सिंह निवासी मुंदड़ी गांव कैथल ने बताया कि वे अपने-अपने भतीजे और बेटे को अमेरिका भेजना चाहते थे।
इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर पाको मार्शल आर्ट्स एकेडमी का एक विज्ञापन मिला, जिसमें बच्चों को दो महीने की मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग देकर विदेश भेजने की बात कही गई थी। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर प्रोपराइटर सईद इफ्तिकार ने हैदराबाद बुलाया। हैदराबाद पहुंचने पर आरोपी ने बताया कि अमेरिका भेजने के लिए हर बच्चे पर 33 लाख रुपये खर्च होंगे। इस पर दोनों पीड़ितों ने विश्वास जताते हुए दस्तावेज और पासपोर्ट सौंप दिए और किस्तों में 12 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। इनमें नकद और आरटीजीएस दोनों माध्यम शामिल हैं।