अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कॉलेजों में यूजी कोर्स में प्रथम ईयर के दाखिले शुरू हो गए हैं और कॉलेज प्रबंधकों ने कॉलेज परिसर में पहली मेरिट लिस्ट भी लगा दी है। जिन विद्यार्थियों का प्रथम मेरिट लिस्ट में नाम आया है, उन्हें चार जुलाई तक फीस जमा कराकर दाखिला लेना बहुत जरूरी है। यदि उन्होंने चार जुलाई तक फीस जमा नहीं कराई तो उन्हें दूसरी मेरिट लिस्ट में मौका नहीं मिलेगा। विभाग की ओर से रविवार को पोर्टल पर मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई थी, लेकिन फिर मेरिट लिस्ट में अपना नाम देखने के लिए सोमवार को सभी कॉलेजों में सुबह ही विद्यार्थी पहुंचना शुरू हो गए। ग्रामीण क्षेत्र से लड़कियां अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंची और मेरिट लिस्ट में नाम देखकर अपनी खुुशी जाहिर की। कुछ विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर से ऑनलाइन चालान लेकर बैंक में फीस जमा कराई और उसकी एक रसीद कॉलेज में जमा कराई। बैंक में फीस जमा कराने के बाद विद्यार्थी को एक रसीद कॉलेज में भी जमा कराई बहुत जरूरी है। यूजी कोर्स के सेकेंड और फाइनल ईयर के विद्यार्थी चार जुलाई से चालान लेकर कर फीस जमा करा सकते हैं।
12 जुलाई को होगी दूसरी मेरिट लिस्ट जारी
4 जुलाई को प्रथम मेरिट लिस्ट के दाखिले के बाद 7 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट के लिए प्रोविजनल जारी की जाएगी और 9 जुलाई को प्रोविजनल लिस्ट के विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने होंगे। इसके बाद 12 जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी होगी। दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद भी कॉलेज में सीटें खाली रह गई तो तीसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
13 जुलाई को ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कक्षाएं होंगी शुरू
दूसरी मेरिट लिस्ट के विद्यार्थियों का दाखिला होने के बाद 13 जुलाई को कॉलेज में ओरिएंटेशन प्रोग्राम किया जाएगा। इसमें सभी विद्यार्थियों का आना जरूरी है और इसी दिन से कक्षाएं भी शुरू होंगी। इस दिन प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को कॉलेज के नियमों और सुविधाओं के बारे में बताया जाएगा।
कॉलेजों में दाखिले शुरू हो गए हैं। प्रथम मेरिट लिस्ट के विद्यार्थी को 4 जुलाई तक दाखिला लेने जरूरी है। यदि वह विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाता तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। 16 जुलाई को ओरिएंटेशन प्रोग्राम के साथ कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। इस दिन दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों का आना बहुत जरूरी है।
-डॉ. कुलविंद्र कौर, प्रिंसिपल, राजकीय महिला महाविद्यालय करनाल।