जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया लोहड़ी पर्व
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
कर्णनगरी में शुक्रवार को लोहड़ी पर्व की धूम रही। जिलेभर में लोहड़ी पर्व पर स्कूल, कॉलेजों और क्लबों में धूमधाम से त्योहार मनाया गया। इस दौरान मूंगफली और रेवड़ी भी बांटी गई। जिला बार एसोसिएशन करनाल के तत्वावधान में न्यायिक परिसर करनाल में लोहड़ी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। पर्व पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित बत्तरा, विधायक बख्शीश सिंह विर्क, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, आईजी राज्य चौकसी ब्यूरो (अपराध शाखा) श्रीकांत जाधव, करनाल न्यायालय के न्यायाधीश, बार एसोसिएशन प्रधान निर्मल सिंह सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व अन्य अधिवक्ताओं ने लोहड़ी पर्व मनाते हुए एक-दूसरे को पर्व की बधाई देकर भाईचारे का संदेश दिया। इसी प्रकार, श्रीराम चरित मानस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वामी विवेकानंद जयंती, लोहड़ी और मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का उल्लेख किया। उनके जीवन से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी रखी गई। वहीं विद्यार्थियों ने लोहड़ी पर्व मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रांगण में लोहड़ी की पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। स्कूल निदेशक संदीप गौतम सहित स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों ने आहुतियां डाली। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। संदीप गौतम ने कहा कि हम सभी को त्यौहार आपस में मिलजुल कर एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने चाहिएं। इन त्यौहारों से प्रेरणा लेते हुए अपने जीवन की बुराइयों को त्याग कर अच्छे आचरण को अपनाना चाहिए। वहीं, एसडी बाल मंदिर रामनगर में लोहड़ी और मकर संक्रांति का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एक-दूसरे को बधाई देकर भाईचारा कायम रखने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल प्रबंधन कमेटी से अशोक चावला ने शिरकत की। इस अवसर पर प्रिंसिपल धनेश डिमरी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और त्यौहारों के अवसर पर नेक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रेम सलूजा मौजूद रहे। इसी प्रकार बुद्धा कॉलेज में भी लोहड़ी पर्व मनाया गया।
सुंदर मुंदरिए... पर झूमे विद्यार्थी
तरावड़ी। प्रताप पब्लिक स्कूल तरावड़ी में लोहड़ी और मकर संक्रांति पर्व उत्सव से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत बच्चों द्वारा प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों से लोहड़ी गीत सुंदर मुंदरिए... गाकर की गई। इसके बाद स्कूल के सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने स्कूल प्रांगण में एकत्रित होकर लोहड़ी जलाई। स्टाफ सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों को सुंदर मुंदरिए की कहानी भी सुनाई गई। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एक-दूसरे को बधाई देकर भाईचारा कायम रखने का संकल्प लिया। स्कूल प्रधानाचार्य गुरविंद्र चावला ने छात्राओं को अवगत करवाया कि लोहड़ी पर्व उत्तर भारत का एक प्रसिद्ध त्यौहार हैं। कार्यक्रम का समापन मूंगफली, रेवड़ी आदि बांटकर किया गया।