मनाली घूमकर दिल्ली लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, तीन दोस्त घायल
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जीटी रोड स्थित गांव समानाबाहू के पास सोमवार देर रात मनाली से घूमकर वापस दिल्ली लौट रहे चार दोस्ती की गाड़ी ट्रक को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो पेट्रोल पंप की दीवार से टकरा गई। हादसे में दिल्ली निवासी युवक मोहम्मद साबिर इकबाल की मौत हो गई जबकि तीन अन्य दोस्तों को भी चोट आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
दिल्ली निवासी कादिर ने बताया कि वह दोस्त मोहम्मद साबिर इकबाल, सुनील, तवरेज सहित गाड़ी से 22 दिसंबर को मनाली घूमने गए थे, सोमवार देर रात जब वापस दिल्ली लौट रहे थे तो वह जीटी रोड पर गांव समानाबाहू के पास गाड़ी को ट्रक से आगे निकालने लगे तो चालक ने ट्रक को उनकी तरफ मोड़ दिया। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर पेट्रोल पंप की दीवार से टकरा गई। हादसे में उनका दोस्त मोहम्मद साबिर इकबाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि अन्य तीनों भी चोटिल हो गए। जांच अधिकारी रणधीर सिंह ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान दिल्ली निवासी मोहम्मद साबिर इकबाल ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।