रोड पर गाय आने से ट्राले से टकराई पंजाबी सिंगर मास्टर सलीम की टीम की गाड़ी, चालक सहित आठ घायल
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जीटी रोड स्थित नीलोखेड़ी के पास मशहूर पंजाबी सिंगर मास्टर सलीम के ऑरकेस्ट्रा टीम की मिनी बस के आगे अचानक गाय आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर ट्राले से टकरा गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और जबकि गाड़ी सवार सात लोगों को भी चोट आई हैं। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली में शो करने के बाद मास्टर सलीम और उनकी टीम वापस पंजाब लौट रहे थे। हादसे में गाड़ी का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर मास्टर सलीम घायलों के पास हालचाल जानने के लिए पहुंचे। बाद में प्राथमिक उपचार देने के पश्चात सभी पंजाब चले गए। जांच अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि जीटी रोड पर एक ढाबे के नजदीक उनकी गाड़ी के सामने अचानक गाय आ गई। इससे मिनी बस अनियंत्रित होकर ट्राले के पीछे टकरा गई। हादसे में बस चालक सोमनाथ निवासी जालंधर सहित टीम के सदस्य रहमत, सुखविंद्र, काला, संजीव, लवली, रफी, संजीत घायल हो गए। सभी शहर के निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद पंजाब गए। हादसे के बारे में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है।
इंद्री में चार हादसे, बाल-बाल बचे गाड़ी चालक
इंद्री। वहीं करनाल-यमुनानगर मार्ग पर धुंध के चलते कई वाहन टकरा गए, हादसों में चार लोग घायल हुए हैं। इस दौरान घायल को ले जाते समय एक एंबुलेंस भी ट्रक से टकरा गई, इसमें एंबुलेंस चालक को चोट आई है। सभी मामलों की पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार धुंध के कारण एक कार ट्रक के नीचे घुस गई। गनीमत रही कि कार चालक बाल-बाल बच गया। वहीं, एक ट्रक खेतों में पलट गया और तीसरे मामले में दो ट्रक टकरा गए। इसमें दोनों ट्रक चालक घायल हो गए। रंबा चौकी के एएसआई पवन कुमार ने बताया कि एक बाइक को एक अज्ञात ट्रक ने भी टक्कर मार दी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का नाम मुकेश हैं और वह गांव जोहड़माजरे का रहने वाला हैं वह दरड़ जा रहा था।