डीसी साहब, तीन महीने हो गए मजदूरी नहीं मिली, अब तो दुकानदार ने राशन देना भी बंद कर दिया है
नोट : कृपया 29 नंबर फाइल को रद्द करें और इसे लगाएं। (धन्यवाद)
-डीसी ने किया घरौंडा खंड के फाइव पोंड का निरीक्षण, मनरेगा मजदूरों ने किया दर्द
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। डीसी साहब जी, तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक हमारी मजदूरी ही नहीं मिल पाई है। किराना दुकानदारों ने भी अब तो राशन उधार देने से मना कर दिया है। हमारा कैसे गुजर बसर चलेगा। बड़ी मुश्किल से गुजारा करना पड़ रहा है। ऐसा ही कुछ दर्द बयां किया मनरेगा मजदूरों ने डीसी के सामने। डीसी डा. आदित्य दहिया गांव गढ़ी मुल्तान में सोलिड व लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट का निरीक्षण करने के लिए पहुंचें थे। मनरेगा मजदूरों की समस्याएं सुनने के बाद जिला उपायुक्त ने तुरंत उनकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। मंगलवार को जिला उपायुक्त डॉ आदित्य दहिया ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव झिंवरेहड़ी, गढ़ी मुलतान, पुंडरी, बेगमपुर में चल रहे निर्माण कार्यो का जायजा लिया। जिला उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने कहा कि जहां पहले गंदगी दिखाई देती थी, अब वहां सुंदर पार्क व स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब करनाल के समस्त ग्रामीण क्षेत्र एसएलडब्ल्यूएम के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने में कामयाब होंगे। सोलिड व लिक्विड वेस्ट मेनेजमैंट (एसएलडब्ल्यूएम) यानि ठोस व तरल कचरा प्रबंधन को लेकर जिला के ग्रामीण क्षेत्र जागरूकता की ओर बढ़ रहे हैं। इस दिशा में फाईव पोंड सिस्टम बहुत ही कारगर सिद्ध हो रहा है।
12 गांवों में चल रहा है फाइव पौंड का कार्य
उपायुक्त ने सबसे पहले झिंवरहेड़ी गांव के फाईव पौंड सिस्टम को देखा। इसका निर्माण एस.एल.डब्ल्यू.एम. तथा मनरेगा स्कीम के तहत किया जा रहा है, जो अगले 3-4 महीनों में मुकम्मल होगा। इस पर अनुमानित 37 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। वर्तमान में घरौंडा खंड के करीब 12 गांवो में फाईव पोंड सिस्टम के कार्य चल रहे हैं। आगामी मार्च तक इनकी संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।
गढ़ी मुल्तान में लिया स्टेडियम और पोंड का जायजा
इसके पश्चात उपायुक्त ने गांव गढ़ी मुल्तान में जाकर फाईव पौंड सिस्टम का निरीक्षण किया। अतिरिक्त उपायुक्त निशांत यादव ने बताया कि इस कार्य में 27 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। उपायुक्त ने गांव में ग्राम पंचायत द्वारा तैयार करवाए जा रहे मिनी स्टेडियम की प्रगति को भी देखा। सरपंच ने बताया कि स्टेडियम में एक हाल व स्टेज का निर्माण किया जाएगा व इसके पास ही एक छोटा पार्क विकसित किया जाएगा। उपायुक्त ने इसी खंड के गांव पुण्डरी में मनरेगा और हरियाणा ग्रामीण विकास कोष से तैयार करवाए जा रहे मिनी स्टेडियम की प्रगति को देखा। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बनाए जा रहे ट्रैक और उसके साथ-साथ प्लांटेशन और बाउंडरी वाल को देखकर उपायुक्त ने सबंधित अधिकारियों और पंचायत की सराहना की। उपायुक्त ने बेगमपुर गांव में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के जज्बे को देखकर उनकी सराहना की। अ इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त निशांत यादव, घरौंडा के एसडीएम मोहम्मद इमरान रजा, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता रामफल तथा बीडीपीओ घरौंडा राजेश शर्मा भी थे।