करनाल। श्री ब्रह्माकुंड हनुमान सभा रामनगर के 11 भक्त पिछले 31 दिन से चालिया पर बैठे हैं। दशहरे से लगभग 40 दिन पहले हनुमान स्वरूप धारण करने वाली परंपरा पाकिस्तान के लैय्या जिले से शुरू हुई थी। आजादी के बाद करनाल पहुंच गई।
सभा के प्रधान पंडित पारस ने बताया कि चालीस दिन तक हनुमंत जी के व्रत नियम का पालन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालु 40 दिनों तक कठोर व्रत और तपस्या करते हुए हनुमान जी का स्वरूप धारण करते हैं। इस परंपरा में, भक्त घर छोड़कर मंदिरों या अलग कमरों में रहते हैं, ब्रह्मचर्य का पालन करते हैं, जमीन पर सोते हैं, और 24 घंटे में केवल एक बार अन्न ग्रहण करते हैं, ताकि वे हनुमान जी के आदर्शों का प्रचार कर सकें।
करनाल में भक्त चालिया पर बैठ चुके हैं। 40 दिन व्रत रखने के बाद अष्टमी से विजय दशमी तक हनुमान स्वरूपों की नगर परिक्रमा के दौरान हनुमान जी के पावन चरण घर-घर में डलवाए जाते हैं। तीन अक्तूबर तक नगर परिक्रमा करने के बाद 4 अक्तूबर को हरिद्वार में मां गंगा स्नान करके व्रत को खोला जाएगा। सभा के सदस्य प्रधान पारस वशिष्ठ, विशाल वशिष्ठ, करण, मयंक, हरजस महाराज पावन चालिया पर बैठे हैं।