संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में डेंगू के केस बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को डेंगू के 11 मरीज मिले हैं। ऐसे में डेंगू पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 327 तक पहुंच चुका है। सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि विभाग की टीमें घर-घर जाकर लार्वा की जांच कर रही है। अभी तक टीम ने 1221907 घरों में जाकर लार्वा की जांच की है। जिसमें से अभी तक 8375 घरों में लार्वा मिल चुका है और टीमों ने 4367 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित 9676 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए अपने घर के आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि खड़े हुए पानी में ही मच्छर पनपता है। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं। कूलर, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों होदी को अवश्य सुखाकर ही पानी भरें। यदि कूलर उपयोग में नहीं ला रहे हैं तो उसे रगड़कर साफ करके सुखाकर ही रखें। पानी के भरे हुए तालाब व गड्ढों को मिट्टी से भर दें और यदि संभव न हो तो हर सप्ताह उस में काला तेल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें या मच्छर नाशक क्रीम का प्रयोग करें। घर के दरवाजे व खिड़कियों पर उपयुक्त जाली इस्तेमाल करें।