संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम को मिली बॉक्सिंग की खेल नर्सरी में करीब 104 खिलाड़ी निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। नर्सरी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत कर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। इनके लिए खेल विभाग ने चार कोच भी नियुक्त किए हैं। जिले को बऍक्सिंग की कुल छह नर्सरी मिली हैं।
स्टेडियम में मुख्य कोच सुरेंद्र चौहान अखिल भारतीय बाॅक्सिंग प्रतियोगिता के रजत पदक विजेता है। कोच कीमत भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं और कोच रवि लाठर व संदीप ने भी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक खिलाड़ी होने की वजह से चारों कोच अलग-अलग वर्ग के खिलाड़ियों को अभ्यास करवाते हैं। वर्ष 2024 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके निशांत देव व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नीरज गोयत दोनों उनके पास ही अभ्यास किया। पिछले साल भी चार से पांच खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीते।
-
नर्सरी में काफी सीखने को मिला
खिलाड़ी निकिता ने बताया कि वह प्रदेश स्तर की खिलाड़ी है और अब राष्ट्रीय स्तर की तैयारी कर रही है। वह कोच कीमत के पास अभ्यास करती है। नर्सरी में काफी कुछ सीखने को मिला।
राष्ट्रीय स्तर की तैयारी
खिलाड़ी समरदीप ने बताया कि उन्होंने इस महीने प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था और अब आगे होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं।
कोच से मिला पूर्ण सहयोग
खिलाड़ी प्रतीक ने बताया कि उन्होंने पिछले साल प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था और अब अगली प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। नर्सरी में कोच पूरा सहयोग देते है।