असंध। सालवन गांव में पीने के पानी की समस्या के चलते ग्रामीणों व महिलाओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद भी उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अगर जल्द उनकी पेयजल की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह असंध-पानीपत मार्ग पर जाम लगाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण विनोद फौजी, रामकुमार गोस्वामी, सतीश शर्मा, कुलदीप प्रजापति, रोहताश, बाला, अंगुरी, कमला व स्नेहलता ने कहा कि पिछले दस दिनों से उनके मोहल्ले में पीने का पानी नहीं आ रहा है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पीने का पानी नहीं है। संबंधित अधिकारियों को शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग ने यहां पर जिन कर्मचारियों को लगाया है वह अपनी मनमर्जी करते हैं। फोन करने के बाद भी वह नहीं आते। उनका मोहल्ला ऊंचाई पर है। पिछले दस दिनों से वहां पर पानी नहीं आ रहा है। कर्मचारी कम प्रेसर पर पानी की सप्लाई कर रहे हैं। इससे ऊंचाई पर स्थित घरों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी समस्या का समाधान किया जाए।