करनाल। प्रेमिका के पति रिक्शा चालक नित्यानंद की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी चंद्र नेपाली को सिटी थाना पुलिस नेपाल बार्डर से गिरफ्तार कर लाई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। इस मामले में अभी चंद्र नेपाली का साथ देने वाले आरोपी फरार हैं और पुलिस ने मृतक नित्यानंद की पत्नी उर्मिला को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिटी थाना जांच अधिकारी राजपाल ने बताया कि 18 जनवरी को उन्हें सूचना मिली थी की सेक्टर-4 ग्रीन बेल्ट में एक शव पड़ा है। मौके पर जाकर जांच की तो शव के पांव बंधे हुए थे और वह एक कपड़े में लिपटा हुआ था और उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। मौके पर जांच की तो मृतक की शिनाख्त नित्यानंद के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों से बात की तो मृतक की बेटी श्रीती ने पूरे मामले के बारे में बताया कि उसके पिता की हत्या उसकी मां उर्मिला के प्रेमी चंद्र नेपाली और उसके साथियों ने की है। उसने बताया कि उसकी मां और आरोपी चंद्र नेपाली के साथ संबंध थे। इस बात को लेकर अक्सर उनके घर झगड़ा होता था। उसकी मां आरोपी के साथ भी भाग गई थी। इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि इस बात की जानकारी मिलने पर उन्होंने मृतक की पत्नी की तलाश की जो घर से फरार थी। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कि तो बताया कि चंद्र नेपाली और उसके साथी अशोक, संतोष किशनगढ़ बिहार व विजय निवासी नेपाल के साथ मिलकर हत्या की है। उस रात को नेपाली उनके घर आया था और उसके पति के साथ शराब भी पी थी। इसके बाद उर्मिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया और आरोपी चंद्र नेपाली को पकड़ने के लिए नेपाल की ओर रवाना हो गए। नेपाल बार्डर से आरोपी चंद्र नेपाली को गिरफ्तार किया और तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।