अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर गत दिनों बस दुर्घटना में घायल मरीजों का हाल-चाल जाना। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तथा मेडिकल कॉलेज में घायलों का निशुल्क इलाज करवाने का भी घोषणा की। गत तीन दिन पहले करनाल से गढ़ी बीरबल रोड पर मुगल माजरा के पास बस एक पेड़ से टकरा गई थी।
इस घटना में दर्जनों लोग घायल हो गए थे और चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। घायलों का उपचार कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घायल मरीजों का हाल-चाल जानने के लिए मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। घायल व उनके परिजनों से बातचीत की और इलाज के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों को निर्देश दिये कि घायल मरीजों के इलाज में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सभी घायल मरीजों का इलाज मुफ्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार जल्दी ही 700 नई बसें खरीदने जा रही है, जिससे हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 5000 बसें हो जाएंगी और जिस-जिस रूट पर बसों की कमी है, उसको पूरा किया जाएगा।
उन्होंने एक प्रश्र के उत्तर में कहा कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सेवाएं लोगों को मिल रही हैं और इस बस दुर्घटना में घायल लोगों का भी सही तरीके से इलाज हो रहा है। इस मौके पर ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, जिला महामंत्री योगेन्द्र राणा, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, जगदेव पाढ़ा, मुकेश अरोड़ा, प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया, एसपी सुरेन्द्र भोरिया, एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक, सीएमओ डा. गुलशन अरोड़ा, डॉ. निविश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।