अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि डाकघर हमारे देश की विशेष पहचान है, जिसकी पहुंच आखिरी व्यक्ति तक है। पहले सूचना का आदान-प्रदान केवल डाक और तार के माध्यम से होता था, डाकिए को घर के सामने देखकर लोगों को बड़ी खुशी होती थी, कोई नया संदेश आया है। आज डाक देश की वित्तीय स्थिति में भी बेहतर कार्य कर रहा है, लोगों का डाकघरों के प्रति काफी विश्वास है। मंत्री कर्णदेव कांबोज शनिवार को प्रधान डाकघर के प्रांगण में जिलास्तरीय भारतीय पोस्ट पेमेंट बैंक के शुभ अवसर पर बोल रहे थे। डाक पेमेंट बैंक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया और इसके बाद मुख्य डाकघर करनाल से जिला स्तर पर मंत्री कर्णदेव कांबोज ने किया। इससे पहले दीप प्रज्ज्वलित करके उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत की तथा उन्होंने इस बैंक में अपना खाता खुलवाया और लोगों का आह्वान किया कि वे अपने बेहतर भविष्य के लिए डाकघरों में अपने खाते खुलवाएं।
करनाल समेत 12 स्थानों पर मिलेगी सुविधा : गुलाटी
इस मौके पर डाकघर के प्रवर अधीक्षक जेके गुलाटी ने बताया कि यह सुविधा अभी करनाल, पानीपत और जींद मुख्यालय तथा 12 डाकघरों की उप-शाखाओं में खोली गई है। आईपीपीबी का खाता खोलने के लिए कागजात और फोटो नहीं देना होगा, बल्कि आधार नंबर बताने पर ही व्यक्ति का खाता घर पर ही डाकिया खोलने के लिए पहुंचेगा, करीब 500 व्यक्तियों व कर्मचारियों को इस सुविधा के लिए लगाया गया है। उन्होंने बताया कि आईपीपीबी की सुविधा जीरो बैलेंस बचत खाता, चालू खाता, मनी ट्रांसफर, सब्सिडी भुगतान, बिजली पानी के बिल और अन्य बिल, डीटूएच रिचार्ज, बीमा किस्त भुगतान के साथ-साथ डाक विभाग की सेवाएं जैसे ई-कॉमर्स, डिलीवरी का डिजिटल भुगतान, छोटे व्यापारी, किरयाने की दुकान, खुदरा व्यापार व नकद प्रबंधन सेवाओं के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर रेणू बाला गुप्ता ने कहा कि डाकघरों में बैंकों जैसी सुविधा देकर सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है। इस अवसर पर मैनेजर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक सुरेश गड्ढे ने भी भाग लिया।