करनाल। उत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन का असर रेलवे परिचालन पर भी गहराता जा रहा है। मंगलवार को भी दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन पटरी से उतरा रहा। लंबी दूरी की कई ट्रेनों को अस्थायी तौर पर रद्द करना पड़ा। जो ट्रेनें चलीं, वे निर्धारित समय से कई-कई घंटे की देरी से पहुंचीं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में हालात सामान्य न होने तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
दिल्ली-अंबाला ट्रैक पर अप-डाउन करने वाली 12919-2920 मालवा एक्सप्रेस, 11077-11078 झेलम एक्सप्रेस, 12413-12414 पूजा एक्सप्रेस, 20433-20434 जम्मू मेल एक्सप्रेस और 18101-18102 जम्मू तवी को मंगलवार को भी पूरी तरह रद्द किया गया। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से कुछ ट्रेनों को रोका गया है। जैसे ही मौसम सामान्य होगा, ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ब्यूरो
54 ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली-जम्मू रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की लगभग 54 एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें से केवल करनाल होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि 10 से ज्यादा ट्रेनें घंटों की देरी से आईं।
ये ट्रेनें देरी से आईं
दिल्ली इंटरसिटी 4 घंटे 15 मिनट की देरी से शाम 4 बजे स्टेशन पर आई।
आम्रपाली एक्सप्रेस लगभग एक घंटे की देरी से 2:40 बजे पहुंची।
मुंबई सीएसएमटी दो घंटे लेट होकर रात 7:30 बजे करनाल आई।