करनाल। शहर में लोगों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रशासन ने हर चौराहे पर ट्रैफिक लाइट्स व सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। 15 नवंबर को कैमरों की दस बैटरियां चोरी कर ली गईं। पुलिस प्रशासन को इस बारे में पता ही नहीं चला। एक राहगीर के जानकारी देने पर आरोपी को पकड़ा जा सका। उससे 10 बैटरी बरामद की गईं।
माल रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस चौक पर ई-रिक्शा में आया चोर 15 नवंबर की रात को 10 सीसीटीवी कैमरों की बैटरी चोरी करके ले गया। प्रशासन को इसका पता नहीं लग पाया। एक जागरूक नागरिक ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज करके आरोपी सूरज वासी नेवल गांव को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
थाना सिविल लाइन प्रभारी रामलाल ने बताया कि पुलिस जांच अधिकारी राजेश की टीम ने काछवा पुल के नजदीक से आरोपी सूरज वासी नेवल गांव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 15 नवंबर की रात को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की ट्रैफिक लाइट के कैमरों की 10 बैटरी चोरी की थीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ये बैटरियां और वारदात में प्रयोग किया गया रिक्शा बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार स्टोंडी गांव के मोहन लाल ने थाना सिविल लाइन को बताया था कि वह शनिवार को किसी काम से करनाल आए हुए थे। अपने घर जाने के लिए पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के सामने खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एनडीआरआई की दीवार के साथ लोहे के बॉक्स में इनकी बैटरी होती हैं। एक व्यक्ति बॉक्स का ताला तोड़कर बैटरी चोरी कर रहा था। उसके पास लाल रंग का ई-रिक्शा था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि आरोपी रिक्शा लेकर रामनगर पुल की तरफ गया था।