पुलिस ने चोरी और सेंधमारी के दो मामलों में दो आरोपियों के कब्जे से सोना जेवरात समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
दोनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि 27 फरवरी को नरड़ वासी मांगेराम शिव पूजा के लिए परिवार सहित गांव में ही धौक मारने गया था। इस दौरान उसकी माता घर पर थी।
मांगेराम और उसकी पत्नी जब घर आए तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सोना जेवरात चोरी हो गए थे। प्रवक्ता ने बताया थाना तीतरम के एएसआई जयकिशन ने जांच करते हुए आरोपी विक्की उर्फ विक्रम वासी नरड़ को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से सोना हार, सोना चैन सैट, कानों के झाले तथा माथे के टिक्के समेत एक लाख 37 हजार 325 रुपये के जेवर बरामद किए हैं।
प्रवक्ता ने बताया एक अन्य मामले में सीआईए पुलिस के एएसआई राजबीर ने आरोपी सुरेंद्र उर्फ सिंदर वासी चंदाना के कब्जे से दरिया सिंह वासी चौशाला की चोरीशुदा पांच हार्सपावर बिजली मोटर तथा वारदात में प्रयुक्त साइकिल बरामद कर ली है। आरोपी ने कबूला है कि 14 दिसंबर की रात उसने यह मोटर अपनी ससुराल के गांव चौशाला के एक खेत से चुराई थी।