कैथल। माता गेट में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे 2 युवकों ने घर में घुसकर पिस्तौल की दम पर
चालीस हजार रुपये, जेवर और फोन लूट लिया। दो युवकों ने घर में अकेले युवक को बांधा और पैसे, गहनों और फोन ले गए। सूचना मिलने पर डीएसपी राजेंद्र सिंह, एसएचओ सिटी, सीआईए की टीमों ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
माता गेट निवासी शिवम गोयल ने बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर पर अकेला था। मां और बहन के घर खुराना रोड गई थी। तभी घर का दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। खोलकर देखा तो दो युवक खड़े थे। उन्होंने उससे उसकी मां के बारे में पूछा। कहा कि उसकी मां से डेढ़ लाख रुपये लेने है। शिवम गोयल ने कहा कि मेरी मां उसकी बहन के घर खुराना रोड पर गई है। तभी दोनों युवकों ने कहा कि पानी तो पिला दो। जैसे ही वह अंदर पानी लेने गया तो दोनों पीछे-पीछे अंदर घुस गए।
दरवाजा बंद कर दिया। एक युवक ने उसकी गर्दन दबा ली और उसके मुंह पर पिस्तौल रख ली। एक ने उसके मुंह पर पिस्तौल के हिस्सा मारा। नाक पर चोट लगी है। उसने युवकों से पूछा भी कि उन्होंने किस चीज के पैसे लेने है। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। इसके बाद दोनों ने उसे रसोई में साड़ी से बांध दिया। पहले तो एलईडी की आवाज तेज कर दी।
कैंची से अलमारी का ताला तोड़ा और नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। जाते-जाते घर में रखे दो मोबाइल भी ले गए। काफी मशक्कत के बाद अपने हाथ-पैर खोले और जोर-जोर से आवाजें लगाई। आवाज सुनकर पड़ोसी आए और दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला। शिवम की मां स्नेहलता ने बताया कि वह खुराना रोड पर बेटी से मिलने गई थी। सूचना मिलते ही घर पहुंची।
स्नेहलता ने बताया कि घर में से 6 अंगुठियां, 2 कानों के टॉप्स, गले की चैन, चांदी के लक्ष्मी, गणेश, सिक्के और लगभग 40 हजार रुपये गायब हैं। जांच अधिकारी एसआई रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायत ले ली है। थाना शहर प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।