संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला चीका। शहिनशाह रूहानी सत्यसंग दरबार साहिब खरकां की ओर से श्री गुरु दाता शहिनशाह के प्रकाश पर्व की खुशी में गांव खरका में आयोजित कबड्डी कप कार्यक्रम में डीएसपी कुलदीप बेनीवाल और डीएसपी सुशील प्रकाश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने दोनों डीएसपी का अभिनंदन किया।
डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा और खेलों में लगाएं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने माता-पिता और इलाके का नाम रोशन करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की दिनचर्या और गतिविधियों पर निगरानी रखें।
डीएसपी ने आगे कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में आमजन को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि नशे को समाज से पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रही है, और इसका असर काफी सार्थक दिखाई दे रहा है।
युवाओं से आह्वान करते हुए डीएसपी ने कहा कि हमारे देश के कई खिलाड़ी और अन्य लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम फहराते आए हैं। इन खिलाड़ियों को अपना आदर्श मानकर निरंतर प्रयास करें।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। एसपी उपासना के आदेशानुसार इस अभियान के लिए डीएसपी कुलदीप बेनीवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई है, जिसमें इंस्पेक्टर साहिल, एसआई कर्मबीर, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही रेखा व सोनिया, एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर शामिल हैं।