संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव ग्योंग के पास एक कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की जान चली गई जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव टीक निवासी वकील सिंह ने सदर थाना में शिकायत दी कि नौ अगस्त को दोपहर के समय वह गांव के ही 29 वर्षीय विशाल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव ग्योंग के पास से जा रहा था।
जब वह ग्योंग से निकल रहे हाइवे के नजदीक पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे दोनों घायल हो गए। राहगीरों व परिवार के सदस्यों ने उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना एसएचओ रोहताश ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।