कैथल। भारत सरकार एवं आरबीआई के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘आपकी पूंजी-आपका अधिकार’ के तहत शुक्रवार को जाखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हॉल में एक मेगा शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आम जनमानस को बैंक खातों में पड़ी अनक्लेम्ड जमा राशियों के बारे में जागरूक करना और उन्हें उनका वैध अधिकार वापस दिलाना था।
शिविर के मुख्य अतिथि आरबीआई, चंडीगढ़ से कुमार आलोक रंजन रहे। इस अवसर पर एलडीएम सुमन कुमार ने बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार यदि किसी बैंक खाते में 10 वर्षों तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो उसमें पड़ी राशि आरबीआई में स्थानांतरित कर दी जाती है और डीईएएफ के रूप में रखी जाती है। सही दस्तावेज़ प्रस्तुत करने पर यह राशि खाताधारक या उनके नामित व्यक्ति को वापस कर दी जाती है।
विशिष्ट अतिथि, पंजाब नेशनल बैंक के उपमंडल प्रमुख अंजनी निरंजन सिन्हा ने बताया कि राष्ट्र स्तर पर बैंकों से आरबीआई में जमा अनक्लेम्ड राशि लगभग 78,000 करोड़ रुपये है। यदि एलआईसी, म्युचुअल फंड, डिविडेंड, पेंशन फंड जैसी अन्य राशि भी जोड़ दी जाए तो यह आंकड़ा करीब 1,80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। इसी राशि को सही हकदारों तक पहुँचाने के लिए डीएफएस द्वारा देशभर में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कुमार आलोक रंजन ने बताया कि पीएनबी की अगुआई में सभी बैंकों ने इस शिविर में 63 खातों में पड़ी कुल 47.77 लाख रुपये वास्तविक हकदारों को दी। संवाद