वन स्टॉप सेंटर में करीब 23 वर्ष की युवती ने चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर बाथरूम में आत्महत्या कर ली। एक दिन पहले प्रेमी ने भी फांसी का फंदा लगाकर खेत में आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि हजवाना निवासी प्रेमिका प्रीति व प्रेमी डीग निवासी अमित करीब छह महीने पहले फरार हो गए थे। तीन दिन पहले दोनों गांव डीग में प्रेमी के घर पर आए। जहां पर प्रेमी की पहले वाली पत्नी से विवाद हो गया और उसके बाद पुलिस की डायल 112 नंबर गाड़ी गांव डीग में प्रेमी के घर पर पहुंची।
वहां से प्रेमिका को पुलिस अपने साथ ले आई। जबकि प्रेमी को वहीं छाेड़ आई। पुलिस के पास जब लड़की की मां उसे लेने के लिए आई तो लड़की ने उनके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद लड़की को वन स्टॉप सेंटर में छोड़ दिया। लड़की को नारी निकेतन भेजने की तैयारी की जा रही थी लेकिन लड़की ने वीरवार शाम को बाथरूम जाने के बहाने खिड़की पर अपनी चुन्नी से फंदा लगा लिया और सुसाइड कर लिया। लड़की ने अंदर से कुंडी लगा रखी थी।