संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिन हो रात अब महिलाएं सुरक्षित सफर कर सकेंगी। इसके लिए उन्हें पुलिस की दी हुई गाइड लाइन का पालन करना होगा। पुलिस का कहना है कि किसी परिवार की बेटी या अन्य महिला सदस्य को यह सुविधा दी जाएगी। हमारी निगरानी में आपके परिवार की महिला सदस्य घर से सुरक्षित निकलेगी और जब तक वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच जाती, पुलिस के संपर्क में रहेगी। यदि कहीं पर भी संपर्क पुलिस से टूट गया तो डायल 112 की टीम तुरंत उनकी अंतिम लोकेशन तलाश कर उन तक पहुंच जाएगी।
हरियाणा पुलिस की यह ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा है, जो महिलाओं को हरियाणा 112 से जोड़कर यात्रा को सुरक्षित करने में सक्षम बनाएगी। एसपी उपासना ने बताया कि इस सेवा का लाभ उठाने के लिए महिलाएं 112 पर कॉल करें और वेब-आधारित फॉर्म के माध्यम से अपनी यात्रा का पंजीकरण करवाएं। पंजीकरण फॉर्म का लिंक आवेदक को एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा।
आवेदक को पंजीकरण फॉर्म में यात्रा विवरण के साथ साथ आपातकालीन नंबर भी भरना होगा। यात्री की निगरानी हरियाणा 112 द्वारा हर आधे घंटे के उपरांत आवेदक को कॉल करके की जाएगी। आपातकालीन स्थिति में आवश्यक सहायता के लिए निकटतम ईआरवी को भेजा जाएगा। यात्री के आपातकालीन नंबर पर भी संपर्क किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए 112 डायल कर सकते हैं।