कैथल। सिरटा रोड निवासी एक महिला ने सिविल लाइन थाना में तैनात होमगार्ड जवान और अन्य पर गलत इशारे करने के आरोप लगाए हैं। सिरटा रोड निवासी रिंपी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सास का ढांड रोड स्थित एक अस्पताल में पैर का ऑपरेशन हुआ है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने पति के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर अस्पताल में रोटी देने जा रही थी।
आरोप है कि कमेटी चौक पर एक अन्य रिक्शा में सवार युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उसकी ओर गलत इशारे किए। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर ने दवा लिखी जिसके बाद उसका पति दवा लेने ई-रिक्शा से पिहोवा चौक गया। कमेटी चौक पर विवाद करने वाला वही युवक अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंच गया। कुछ देर बाद बाइक पर दो पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। उसका पति किसी तरह वहां से निकलकर सिविल अस्पताल पहुंचा और दवा देने लगा। दोनों ने उसके पति के साथ मारपीट करनी चाही।
ई-रिक्शा को ट्रैफिक थाने ले जाने का आरोप
इस दौरान होमगार्ड का जवान अन्य के साथ ई-रिक्शा को अपने साथ ट्रैफिक थाने ले गए। उसका पति भी उनके पीछे यातायात थाना पहुंचा। वहां उसने पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वीडियो में उस होमगार्ड के जवान ने अपना नाम अभिषेक बताया है। होमगार्ड जवान पर नशे में होने का आरोप लगाया है।
सिटी थाना प्रभारी गीता ने बताया कि उनके पास एक महिला की शिकायत आई है। मामले की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।