चीका में दिन-दिहाड़े दो अज्ञात युवकों ने एक बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने आई एक महिला से 10 हजार रुपये ठग लिए और फरार हो गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गांव कल्लरमाजरा के पूर्व सरपंच हरमेल सिंह की पुत्र वधु चरण जीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह यूनियन बैंक में अपने सेविंग खाते से 10 हजार रुपये निकालने गई थी। इस दौरान नकदी लेने के बाद उसका कार्ड मशीन में फंस गया। चरण जीत ने उसे निकालने का प्रयास किया। इसके बाद उसने वहां खड़े एक युवक से कार्ड निकालने का आग्रह किया तो उसने एटीएम कार्ड निकालकर दे दिया। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल में 10 हजार रुपये निकालने का संदेश आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इस पर उसने बैंक और पुलिस को शिकायत दी। महिला ने बताया कि जब उसने बैंक के एटीएम की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उसके बच्चे के पास एक ठग खड़ा हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।