संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला और भारतीय मानक ब्यूरो के संयुक्त तत्वावधान में 40 स्कूलों के 80 विज्ञान प्राध्यापक को भारतीय मानक ब्यूरो क्लब ने दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया। अब ये विद्यार्थियों को जानकारी देकर प्रशिक्षित करेंगे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज कुमारी ने कहा कि जो भी बारीकियां आपने सीखी हैं, उन्हें विद्यार्थियों तक लेकर अवश्य जाएं, ताकि उनको भी लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में 40 विद्यालयों के 80 प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया। बताया कि यह क्लब विज्ञान विषयों को बढ़ावा देने के लिए वर्षभर में तीन गतिविधियां करवाती है। सभी प्रतिभागियों को मानकों के माध्यम से विज्ञान सीखने का प्रशिक्षण दिया गया है।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो क्लब तीन वर्षों से बेहतरीन कार्य कर रहा है। विद्यालय स्तर पर तीन गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए वाद विवाद, क्विज व पेंटिंग प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं।
भारतीय मानक ब्यूरो के पंचकूला से आई वैज्ञानिक नविता यादव ने कहा कि यदि कोई प्राध्यापक अपने स्तर पर कोई विशेष गतिविधि का प्रारूप भेजेगा तो उसे पर विचार किया जाएगा।
भारतीय मानक ब्यूरो के ज्वाइंट डायरेक्टर सौरव चंद्र ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में अच्छे प्रकार से भाग लेने के लिए धन्यवाद किया तथा शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों का भी धन्यवाद किया कि जिले सभी 80 प्रतिभागियों की शत-प्रतिशत हाजिरी रही।
इस अवसर पर जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार, वैज्ञानिक नविता यादव, उपनिदेशक सौरभ चंद्र प्रहलाद सिंह, आरती चौधरी आदि मौजूद रहे।