संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डीएवी कॉलोनी कैथल में करवा चौथ व्रत से पहले शनिवार की देर रात घर में घुसकर पति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें आरोपी पत्नी पानीपत के नूरवाला मोहल्ला निवासी पूजा के साथ उसके सहयोगी जिला रोहतक के गांव काहानौर निवासी सागर व गोलू शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि नानकपुरी कॉलोनी कैथल निवासी नारायण दास की शिकायत के अनुसार उसका लड़का खेमचंद अपने बच्चों के साथ डीएवी कॉलोनी खुराना रोड पर रहता है। खेमचंद की शादी आठ-नौ साल पहले पानीपत निवासी पूजा से हुई थी। भतीजा टेकचंद 28 अक्तूबर को डीएवी कॉलोनी से उसके पास आया और बताया कि किसी ने खेमचंद के शरीर, गले, सिर व चेहरे पर काफी चोटें मारी हैं और उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। इस पर वह डीएवी कॉलोनी पहुंचा और बेटे खेमचंद के पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की।
उसमें दिखाई दिया कि रात को पूजा ने अपने घर का मुख्य दरवाजा खोलकर किसी को फोन किया। इसके बाद फोन को दरवाजे के कोने पर रखकर गली में दूसरी तरफ चली गई। कुछ देर बाद एक लड़का पैदल अपने मुंह पर रुमाल बांधे गली से आया और दरवाजे पर खड़ा रहा। वह लड़का पूजा के रखे हुए मोबाइल को उठाकर मकान के अंदर चला गया। उस लड़के ने खेमचंद पर तेज हथियार से हमला किया और 23:43 बजे घर से निकलकर पैदल चला गया। उस लडके के घर से जाने के बाद पूजा अपने घर न जाकर पड़ोस के दरवाजे खटखटा कर चिल्लाने लगी कि उसके घर में कोई घुस गया है।
महिला आरोपी पूजा के कब्जे से मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी पूजा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी सागर व गोलू से पूछताछ की जा रही है।