संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले के क्योड़क गांव के पास हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की बस ने ओवरटेक करते हुए पिकअप सवारी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच कार सेवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
घटना सुबह करीब सात बजे हुई। पंजाब के मुक्तसर जिले के रामेयाना गांव से सात कार सेवक रविवार शाम कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित पाली साहिब गुरुद्वारा में एक बरसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। देर रात वे कैथल के मंजी साहिब गुरुद्वारे में रुके और सोमवार सुबह करीब 6 बजे पिहोवा के लिए रवाना हुए। सुबह करीब 7 बजे क्योड़क गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे गाड़ी सड़क पर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चार कार सेवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा गाड़ी में सवार अन्य दो लोग गंभीर रुप घायल हो गए। जिला नागरिक अस्पताल से गंभीर हालत को देखते डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद कैथल सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची को हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
कार सेवक के परिजन मनविंदर ने बताया कि पिकअप सवारी गाड़ी में सात कार सेवक रविवार शाम को पिहोवा में बाबा दिलीप सिंह, जीवन सिंह व जंगीर सिंह की बरसी पर होने वाले कार्यक्रम में जा रहे थे। रात ज्यादा होने पर वह कैथल के मंजी साहब गुरुद्वारा में रुक गए थे। वहां से सुबह करीब छह बजे पिहोवा के लिए रवाना हुए। इसके बाद क्योड़क गांव में एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो वहीं पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में चार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल होने वालों में फरीदकोट के रामेयाना गांव के ही निवासी 70 वर्षीय कुलवंत और 55 वर्षीय मंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। इन लोगों को तुंरत ही चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे में मुक्तसर के रामेयाना गांव निवासी नरिंद्र (62), हकीकत (57), काकू सिंह (57) और मक्खन सिंह (60) की मौत हो गई। इसी गांव के निवासी 58 वर्षीय तारा सिंह की चंडीगढ़ पीजीआई ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई। सभी मृतक अपने गांव में खेती का काम करते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। वहीं, जबकि बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। वे सभी सुरक्षित हैं।
वर्जन :
इस मामले में डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पंजाब के मुक्तसर जिले के रामेयाना गांव से कार सेवक पिहोवा के पाली साहिब गुरुद्वारा में एक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस मामले में हिसार डिपो की आदमपुर से चंडीगढ़ जाने वाली रोडवेज बस चंडीगढ़ जा रही थी। इस बस के चालक ने ओवरटेक करते हुए पिकअप सवारी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस गाड़ी में चालक के अलावा सवार सात लोगों में पांच की मौत हो गई है। जबकि गाड़ी का चालक अमरजीत सुरक्षित है। बस का चालक मौके से भाग गया था। मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
11 कैथल। हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप गाड़ी। संवाद