संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शुगर मिल कॉलोनी में डीजे बजाने पर युवकों में विवाद हो गया। यह कुछ देर में झगड़े में बदल गया। जब उनका एक दोस्त झगड़े को निपटाने के लिए गया तो युवकों के साथ आए एक आरोपी ने उसे ही कार से टक्कर मारकर उसकी हड्डी-पसली तोड़ दी।
गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने युवक की बहन के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन थाना में दी गई शिकायत में शुगर मिल काॅलोनी निवासी रेनू ने बताया कि सुमित व कर्ण उसके भाई समुद्र के दोस्त हैं। चार दिन पहले अंकित नाम के युवक के साथ कर्ण का डीजे बजाने को लेकर झगड़ा हो गया। उसका भाई समुद्र अपने दोस्तों का झगड़ा निपटाने के लिए शुगर मिल की तरफ जा रहा था। तभी वहां पर अंकित कार लेकर पहुंचा, जिसको शीलू चला रहा था।
जब गाड़ी शुगर मिल पर पहुंची तो वहां पहुंचते ही अंकित व कर्ण का दोबारा से झगड़ा हो गया, जिस पर कर्ण डर के मारे मौके से भाग गया। जब शीलू गाड़ी चलाकर कर्ण को पकड़ने के लिए निकला तो उसके भाई समुद्र ने उसे गाड़ी रोकने के लिए कहा। शीलू ने गाड़ी को रोकने की बजाय उसके भाई को सीधी टक्कर मार दी। इससे समुद्र की पैर की हड्डी व छाती की पसली टूट गई।
वे उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि शीलू ने उसके भाई को सीधी टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।